20 लाख का इंश्योरेंस और ड्राइवर से इश्क; बेवफा पत्नी ने उजाड़ा सुहाग
x

20 लाख का इंश्योरेंस और ड्राइवर से इश्क; बेवफा पत्नी ने उजाड़ा सुहाग

मेरठ के स्कूल संचालक अतुल पंवार हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा; नींद की 25 गोलियां खिलाने के बाद सपेरों को बुलाकर रची गई खौफनाक वारदात।


Meerut Murder: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से हत्या की एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जो किसी सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म की पटकथा से कम नहीं है। हस्तिनापुर क्षेत्र में 'कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल' के संचालक अतुल पंवार की मौत कोई प्राकृतिक हादसा नहीं, बल्कि एक बेहद ठंडे दिमाग से रची गई खूनी साजिश थी। पुलिस के चौंकाने वाले खुलासे के मुताबिक, अतुल की पत्नी दामिनी ने जीवन बीमा के 20 लाख रुपये ऐंठने और अपने प्रेमी के साथ रिश्ते में बन रही रुकावट को हमेशा के लिए दूर करने के मकसद से इस हत्याकांड को अंजाम दिया।


ड्राइवर से अफेयर और 20 लाख रुपये का लालच
करीब सात साल पहले (2019 में) अतुल और दामिनी ने प्रेम विवाह (Love Marriage) किया था। दोनों हस्तिनापुर के रामलीला मैदान के पास अपना स्कूल चलाते थे। लेकिन समय के साथ दामिनी के स्कूल के ही ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की के साथ अवैध संबंध बन गए। मेरठ के एसपी (ग्रामीण) अभिजीत कुमार के अनुसार, शुक्रवार को अतुल की मौत के बाद बिस्तर से एक सांप मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस जांच और कॉल डिटेल्स से जब दामिनी और तुषार के लगातार संपर्क में होने के सबूत मिले, तो कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

नींद की 25 गोलियां और सपेरों से खूनी सौदा
हत्या को एक परफेक्ट एक्सीडेंट का रूप देने के लिए दामिनी और तुषार ने उदय और सोनू नाम के दो सपेरों से सौदा किया था। सपेरों को एडवांस के तौर पर 20 हजार रुपये दिए गए थे और बीमा की 20 लाख रुपये की रकम मिलने पर 5 लाख रुपये और देने का वादा किया गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार रात दामिनी ने अतुल के खाने में नींद की करीब 25 गोलियां मिला दीं। जब अतुल बेसुध हो गया, तब शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे दोनों सपेरे 'करैत' प्रजाति का बेहद जहरीला सांप लेकर घर पहुंचे।

बेडरूम में ले जाकर दो बार डसवाया
दामिनी सपेरों को खुद अतुल के बेडरूम तक लेकर गई। वहां दोनों सपेरों ने अतुल को सांप से दो बार डसवाया और हत्या के हथियार (सांप) को वहीं बिस्तर में छोड़कर फरार हो गए। सुबह करीब 6 बजे दामिनी ने चीख-पुकार मचाते हुए यह नाटक किया कि उसके पति को सांप ने डस लिया है। आस-पड़ोस के लोगों ने बिस्तर में मौजूद सांप को पीट-पीटकर मार डाला और अतुल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लेकिन पुलिस की वैज्ञानिक जांच ने इस हाई-प्रोफाइल खूनी साजिश की पूरी परतें उधेड़ कर रख दीं।


Read More
Next Story