ईरान के जवाबी हमले से खाड़ी में हड़कंप, कतर ने जारी किया इमरजेंसी अलर्ट
x

ईरान के जवाबी हमले से खाड़ी में हड़कंप, कतर ने जारी किया इमरजेंसी अलर्ट

अमेरिकी हमले के जवाब में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र के अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया। कतर ने इमरजेंसी अलर्ट जारी किया, जबकि UAE ने मिसाइलें और ड्रोन मार गिराने का दावा किया।


अमेरिका के ईरान पर सैन्य हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और गहरा गया है। ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जिसके बाद पूरे मिडिल ईस्ट में हाई अलर्ट की स्थिति बन गई है। हालात की गंभीरता को देखते हुए कतर ने देशभर में आपातकालीन सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया है, जबकि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने दावा किया है कि उसने ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों और ड्रोनों को हवा में ही नष्ट कर दिया।

कतर में इमरजेंसी अलर्ट जारी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कतर के आंतरिक मंत्रालय ने रविवार को दोहा समेत पूरे देश के नागरिकों और प्रवासियों के मोबाइल फोन पर इमरजेंसी सुरक्षा अलर्ट भेजा। अलर्ट में लोगों से अपने घरों या सुरक्षित स्थानों के अंदर रहने और बिना किसी जरूरी काम के बाहर न निकलने की अपील की गई है।मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि देश में सुरक्षा खतरे का स्तर फिलहाल बेहद ऊंचा है। ऐसे में नागरिकों को अनावश्यक आवाजाही से बचने और प्रशासन द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है।

धमाकों के बाद बढ़ाई गई सतर्कता

कतर सरकार के अनुसार, यह कदम दोहा में तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देने और ईरान द्वारा अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर किए गए जवाबी हमलों के बाद उठाया गया है। इसके अलावा कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में भी विस्फोटों की आवाजें सुनाई देने की खबरों के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

UAE ने मिसाइल और ड्रोन हमले नाकाम करने का किया दावा

इस बीच संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान की ओर से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और आक्रामक ड्रोनों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर हवा में ही नष्ट कर दिया। मंत्रालय के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों में संभावित हमलों को समय रहते विफल कर दिया गया, जिससे किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

खाड़ी देशों में हाई अलर्ट

फार्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी ठिकानों पर ईरानी जवाबी कार्रवाई के बाद खाड़ी क्षेत्र के कई देशों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। कतर और यूएई के अलावा कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संभावित हवाई हमलों से निपटने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए हैं और सैन्य तैयारियां बढ़ा दी गई हैं।

क्षेत्रीय तनाव चरम पर

ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य टकराव ने पूरे मिडिल ईस्ट की सुरक्षा स्थिति को बेहद संवेदनशील बना दिया है। खाड़ी देशों ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा इंतजामों को मजबूत कर दिया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Read More
Next Story