जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा, श्रीनगर में बोले अमेरिकी राजदूत
x

जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा, श्रीनगर में बोले अमेरिकी राजदूत

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि मैं यहां पहली बार आया हूं। यह जगह बेहद खूबसूरत है। मैं यहां आकर और इस जगह को देखकर बहुत उत्साहित हूं।


भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर को "भारत का एक अहम हिस्सा" बताया। गोर ने जम्मू-कश्मीर के दौरे के दौरान यह बात कही। सर्जियो गोर ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद कहा, "यहां आकर खुशी हो रही है... यह भारत का एक अहम हिस्सा है। मैं यहां पहली बार आया हूं। यह जगह बेहद खूबसूरत है। मैं यहां आकर और इस जगह को देखकर बहुत उत्साहित हूं। हमारी बहुत अच्छी मुलाकात रही। कुछ आगे की बातें हैं जिन्हें हम वॉशिंगटन और दिल्ली ले जाएंगे। हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।

अमेरिकी रादजूत ने संकेत दिया कि जम्मू-कश्मीर के लिए जारी यूएस ट्रैवल एडवाइजरी पर फिर से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा, "अमेरिका यात्रा से जुड़ी चेतावनियां जारी करता है और हम समय-समय पर उनकी समीक्षा भी करते रहते हैं। मैं आज यहां कोई बड़ी घोषणा तो नहीं कर सकता, लेकिन यह एक ऐसा मामला है जिस पर हम विचार करेंगे। हमारा मानना ​​है कि नई दिल्ली में यहां के मुख्यमंत्री और सरकार ने इस इलाके को सुरक्षित रखने, इसे और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए बेहतरीन कदम उठाए हैं। इसलिए, हम इस बात पर विचार करेंगे कि क्या अमेरिका द्वारा जारी यात्रा चेतावनी को कम किया जा सकता है। यह एक खूबसूरत इलाका है; मुझे लगता है कि बहुत से अमेरिकी यहां आकर इसकी खूबसूरती और यहां मौजूद अवसरों का आनंद लेंगे।"

सर्जियो गोर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दक्षिण और मध्य एशिया के लिए विशेष दूत भी हैं। उनका जम्मू-कश्मीर दौरा ऐसे समय हुआ है जब भारत-अमेरिका संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दे चर्चा में हैं। पिछले साल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और भारत-चीन संबंधों में तनाव के बीच यह यात्रा अमेरिकी कूटनीतिक जुड़ाव के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Read More
Next Story