परेशान करने वाला वीडियो: जमुई में छात्रा से बदसलूकी पर राहुल गांधी ने बिहार सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने आरोपियों के खिलाफ POCSO Act के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की। हालांकि, जिस समय राहुल गांधी ने गिरफ्तारी नहीं होने का मुद्दा उठाया था, उसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी।
बिहार के जमुई से सामने आए एक वीडियो ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में दो नाबालिगों को कुछ लोग घेरकर रोकते और उनके साथ बदसलूकी करते दिखाई देते हैं। लड़की के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया जाता है, जबकि उसके साथ मौजूद नाबालिग लड़के के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की होती दिखाई देती है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा है कि बिहार के जमुई का वीडियो बेहद परेशान करने वाला है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक घटना 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे जमुई थाना क्षेत्र में हुई। दोनों नाबालिग कोचिंग गए थे और इसके बाद तस्वीरें लेने के लिए एक जगह पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। घटना से जुड़े वीडियो में कई लोग दिखाई देते हैं।
वीडियो में लड़की बार-बार जाने देने की गुहार लगाती दिखाई देती है। इसी दौरान एक व्यक्ति उसे जबरन पकड़ता और उठाकर ले जाने की कोशिश करता नजर आता है। उसका साथी बीच-बचाव की कोशिश करता है। घटना के दूसरे वीडियो में भी दोनों को रोकने और परेशान करने के दृश्य सामने आए हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई
मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद जमुई पुलिस ने दोनों नाबालिगों की पहचान कर उनके बयान दर्ज किए। पुलिस के मुताबिक पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन मिलने के बाद FIR दर्ज की गई।
मामले में POCSO Act की धारा 8 और 12 समेत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच के लिए SIT भी गठित की गई है। पुलिस अन्य आरोपियों और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
राहुल गांधी ने उठाए सवाल
वहीं राहुल गांधी ने घटना को लेकर बिहार सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि शाम सात बजे सार्वजनिक सड़क पर एक लड़की सुरक्षित क्यों नहीं है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा, "इन लोगों को ऐसी बदतमीज़ी करने का हक किसने दिया? यह "संस्कृति" नहीं है, यह पितृसत्ता है: ये एक सोच है कि किसी भी पुरुष का किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद-नापसंद पर नियंत्रण है।"
राहुल गांधी ने आरोपियों के खिलाफ POCSO Act के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान
राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने बिहार के DGP से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा है।
आयोग ने पीड़ितों को सुरक्षा, कानूनी सहायता और काउंसलिंग उपलब्ध कराने के साथ घटना से जुड़े वीडियो का प्रसार रोकने के लिए जरूरी कानूनी कदम उठाने को भी कहा है।
अब कहां तक पहुंची जांच?
फिलहाल तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और SIT मामले की जांच कर रही है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।

