केजरीवाल के तिलक नगर दौरे में बवाल! पुलिसकर्मी से मारपीट का आरोप, सौरभ भारद्वाज और जरनैल सिंह पर FIR
अरविंद केजरीवाल के तिलक नगर दौरे के दौरान सादे कपड़ों में मौजूद दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने FIR दर्ज की है, जिसमें AAP नेता सौरभ भारद्वाज, विधायक जरनैल सिंह समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच अब दिल्ली पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज की है। FIR में आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह और अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
घटना उस समय की बताई जा रही है, जब आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तिलक नगर इलाके में सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, हेड कॉन्स्टेबल सादे कपड़ों में वहां मौजूद था और कार्यक्रम की वीडियोग्राफी कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान कुछ AAP कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। मामले में पुलिस जांच जारी है।
सड़क की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद
इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में पश्चिमी दिल्ली में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर विवाद है। इससे पहले दिल्ली सरकार में PWD मंत्री प्रवेश वर्मा सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान AAP विधायक जरनैल सिंह और उनके समर्थक भी वहां मौजूद थे। दोनों पक्षों के बीच सड़क की गुणवत्ता और निर्माण कार्य को लेकर विवाद हुआ।
इसी दौरान सामने आए एक वीडियो में प्रवेश वर्मा एक 22 वर्षीय युवक साहिब सिंह को कथित तौर पर थप्पड़ मारते दिखाई दिए। साहिब सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 के तहत नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट यानी NCR दर्ज की है। NCR के मामले में जांच आगे बढ़ाने के लिए पुलिस को अदालत की अनुमति की जरूरत होती है।
जरनैल सिंह के खिलाफ भी अलग फिर
दूसरी तरफ, PWD के एक अधिकारी की शिकायत पर AAP विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ अलग FIR दर्ज की गई है। अधिकारी ने उन पर सरकारी काम में बाधा डालने और कर्मचारियों को धमकाने समेत कई आरोप लगाए हैं। जरनैल सिंह और AAP की ओर से सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं।
AAP और BJP के आमने-सामने आरोप
AAP ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। वहीं प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि AAP से जुड़े लोगों ने उनके और उनके परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इस तरह सड़क निर्माण की गुणवत्ता से शुरू हुए विवाद में अब अलग-अलग शिकायतें और पुलिस मामले दर्ज हो चुके हैं। संबंधित आरोपों की जांच पुलिस कर रही है और आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा।
आप कार्यकर्ताओं को लिया हिरासत में
मंगलवार को दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के कई नेताओं, जिनमें सौरभ भारद्वाज और विधायक जरनैल सिंह शामिल थे, को हिरासत में लिया गया। वे पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में सड़क के निरीक्षण के दौरान एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने के आरोप में दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग कर रहे थे।

