राखी एड पर विवाद ने पकड़ा तूल, कृति सेनन का विज्ञापन GIVA ने क्यों हटाया?
x

राखी एड पर विवाद ने पकड़ा तूल, कृति सेनन का विज्ञापन GIVA ने क्यों हटाया?

एड पर हो रही आलोचनाओं पर कृति सेनन ने जवाब दिया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, "कल्चर और ट्रेडिशन दिल में होते हैं,नेकलाइन में नहीं।"


ज्वेलरी ब्रांड GIVA ने बुधवार ने रक्षाबंधन के उस विज्ञापन को हटा लिया है जिसमें अभिनेत्री कृति सेनन ने अभिनय किया है। कंपनी ने सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस के कपड़ों को लेकर हुई भारी आलोचना के एक दिन बाद यह कदम उठाया गया।

सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में ब्रांड की ओर से कहा गया, "हम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का बहुत सम्मान करते हैं। एक ब्रांड के तौर पर, हम हमेशा पूरे परिवार के साथ इन खुशियों भरे पलों को मनाने में विश्वास रखते हैं और इस बार हम अपने पालतू जानवरों को भी इस प्यार और जश्न में शामिल करना चाहते थे।"

GIVA ने कहा, "अगर हमारे हालिया विज्ञापन से अनजाने में समाज के कुछ वर्गों की भावनाएँ आहत हुई हैं, तो हमारा ऐसा कोई इरादा बिल्कुल नहीं था। सम्मान के तौर पर, हमने उस विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया है। इस त्योहार के मौसम में आप सभी को ढेर सारा प्यार और सकारात्मकता मिले!"

एड में क्या था?
विज्ञापन में, सेनन इंडो-वेस्टर्न लुक में नज़र आईं। उन्होंने केप के साथ ब्रालेट-स्कर्ट का कॉम्बिनेशन पहना था। वह एड में अपने भाई व पालतू कुत्ते को राखी बांधती है।

इस वीडियो को लेकर काफी हंगामा हुआ; कई लोगों ने पारंपरिक त्योहार के दौरान उनके कपड़ों के चुनाव की आलोचना की और कुछ लोगों ने कुत्ते को राखी बांधने पर भी आपत्ति जताई।

कंगना ने किया विरोध
इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में, बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने विज्ञापन को जानबूझकर असहज करने वाला बताया था। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इसे लेकर एक लंबी पोस्ट लिखी हालांकि उन्होंने न कृति सेनन का नाम लिया, न ब्रांड का।

कंगना ने लिखा, "महिला होने के लिए ये शानदार समय है, हमारी अलमारियां तरह-तरह के कपड़ों से भरी होती हैं, आज की महिला ग्लोबल महिला है, कॉकटेल ड्रेस से लेकर लहंगा-चोली तक, जींस से लेकर साड़ी तक, बिकिनी से लेकर सलवार-कमीज़ तक। हमारे पास इतने सारे विकल्प हैं, तो फिर आप अपने भाई को राखी बिकिनी या अंडरगारमेंट्स में क्यों बांधेंगी? आपके बाक़ी स्टाइलिंग विकल्प कहां गए?"

सेनन ने दिया जवाब
आलोचनाओं पर कृति सेनन ने जवाब दिया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, "आख़िर हम महिलाओं को ये बताना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए? समय के साथ पारंपरिक फ़ैशन भी बदला है. लेकिन आज भी किसी महिला की संस्कृति के प्रति सम्मान को सिर्फ़ उसके कपड़ों से क्यों मापा जाता है? कल्चर और ट्रेडिशन उसके दिल में होते हैं, उसकी नेकलाइन में नहीं।"

राहुल ने किया सेनन का समर्थन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कृति सेनन का समर्थन किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर सेनन की स्टोरी को शेयर किया है। उन्होंने लिखा, "एक महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहाँ जाती है - यह उसकी पसंद है। महिलाओं को उनकी आज़ादी का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल करना बंद करें।"

Read More
Next Story