
दिल्ली से पटना तक सस्ता हुआ कमर्शियल LPG, घरेलू गैस के दाम जस के तस
1 अगस्त से कमर्शियल LPG सिलेंडर 192 रुपये तक सस्ता हो गया है, जबकि घरेलू गैस के दाम नहीं बदले। कुछ उज्ज्वला लाभार्थियों को अब 300 रुपये की सब्सिडी नहीं मिलेगी।
1 अगस्त से एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें लागू हो गई हैं। इस बार होटल, रेस्तरां और कारोबारियों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 192 रुपये तक की कटौती की गई है। हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, उज्ज्वला योजना के कुछ लाभार्थियों को आज से रसोई गैस 300 रुपये तक महंगी पड़ सकती है।
कमर्शियल सिलेंडर हुआ 192 रुपये सस्ता
इंडियन ऑयल के नए रेट के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 2930 रुपये से घटकर 2738 रुपये का हो गया है। पटना में इसकी कीमत 3227 रुपये से घटकर 3018 रुपये और लखनऊ में 3052.50 रुपये से घटकर 2860.50 रुपये हो गई है।यह लगातार दूसरा महीना है जब कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कटौती की गई है। इससे पहले 1 जुलाई को भी 183.50 रुपये की कमी की गई थी। यानी पिछले दो महीनों में सिर्फ दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 375.50 रुपये सस्ता हो चुका है।
घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं
14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस महीने भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। आम उपभोक्ताओं को पहले की तरह ही गैस सिलेंडर खरीदना होगा।
उज्ज्वला के कुछ लाभार्थियों को नहीं मिलेगी सब्सिडी
1 अगस्त से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कुछ लाभार्थियों के लिए गैस सिलेंडर 300 रुपये महंगा हो जाएगा। जिन लाभार्थियों ने 1 अप्रैल से 31 जुलाई के बीच चार सब्सिडी वाले सिलेंडर ले लिए हैं, उन्हें अगस्त में मिलने वाले सिलेंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी नहीं मिलेगी। ऐसे उपभोक्ताओं को सिलेंडर सामान्य उपभोक्ताओं की कीमत पर खरीदना होगा।सरकार मौजूदा वित्त वर्ष में उज्ज्वला योजना के तहत केवल चार सिलेंडरों पर 300-300 रुपये की सब्सिडी दे रही है। इससे पहले यह सीमा नौ सिलेंडर थी, जिसे बाद में घटाकर छह और अब चार कर दिया गया है।
जानिए आपके शहर में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम
देश में सबसे महंगा घरेलू एलपीजी सिलेंडर लेह में 1,196.50 रुपये का है। इसके अलावा नॉर्थ त्रिपुरा में 1,119.50 रुपये, गंगटोक में 1,094.50 रुपये, आइजॉल में 1,094 रुपये और वेस्ट इंफाल में 1,093.50 रुपये में सिलेंडर मिल रहा है।अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो श्रीनगर में घरेलू सिलेंडर 1,058 रुपये, हैदराबाद में 994 रुपये, लखनऊ में 976.50 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, चेन्नई में 957.50 रुपये, गोवा में 956 रुपये, जयपुर में 952.50 रुपये, अहमदाबाद और गुरुग्राम में 949 रुपये, बेंगलुरु में 944.50 रुपये और मुंबई में 941.50 रुपये का मिल रहा है।

