लखनऊ में युवती को कार से रौंदने की कोशिश, मामले में अब तक क्या-क्या पता है?
x

लखनऊ में युवती को कार से रौंदने की कोशिश, मामले में अब तक क्या-क्या पता है?

लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने एक युवती को कार से टक्कर मारने का वीडियो सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी शाहनवाज को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।


लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने एक युवती को कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में युवती कार के बोनट पर दिखाई देती है और कार के आगे बढ़ने के दौरान वह कुछ दूरी तक घिसटती नजर आती है। घटना के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी शाहनवाज को हिरासत में ले लिया है।

विवाद के बाद हुई घटना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे को पहले से जानते थे। बताया गया है कि बुधवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने कार आगे बढ़ा दी। पीड़िता कार को रोकने की कोशिश कर रही थी, इसी दौरान वह कार की चपेट में आ गई और बोनट पर जा गिरी।

पहचान छिपाने का भी आरोप
इस मामले में पीड़िता अनामिका की ओर से आरोपी पर अपनी पहचान छिपाकर जाल में फंसाने का आरोप भी लगाया गया है। रिपोर्टों में दावा है कि आरोपी ने खुद को ‘यश ठाकुर’ बताया था।

आरोपी हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने शाहनवाज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना के वीडियो, मौके की परिस्थितियों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल इस घटना में विवाद की वजह और कार से टक्कर मारने की पूरी परिस्थितियों को जांच का हिस्सा बनाया गया है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्वी क्षेत्र) लखनऊ दीक्षा शर्मा ने कहा कि पुलिस ने घटना का तुरंत संज्ञान लिया और मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया, ‘‘महिला और मुख्य आरोपी पहले दोस्त थे, लेकिन कुछ समय से उनके बीच कुछ विवाद चल रहा था। आज सुबह भी उनके बीच विवाद हुआ था। आरोपी के साथ कार में उसका एक दोस्त भी मौजूद था और यह घटना तब हुई जब वे वहां से जा रहे थे।’’

शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद हत्या के प्रयास के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान शाहनवाज के तौर पर हुई है, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Read More
Next Story