भारत दौरे पर रुबियो ने पाकिस्तान को लेकर ऐसा क्या कहा, जिसने छेड़ी नई बहस?
x

भारत दौरे पर रुबियो ने पाकिस्तान को लेकर ऐसा क्या कहा, जिसने छेड़ी नई बहस?

मार्को रुबियो ने पाकिस्तान के परमाणु हथियारों और रणनीतिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि अमेरिका के लिए इस्लामाबाद के साथ संपर्क बनाए रखना जरूरी है।


पाकिस्तान को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बयान ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि वॉशिंगटन के लिए इस्लामाबाद की रणनीतिक अहमियत कितनी है। रुबियो ने साफ कहा है कि अमेरिका को पाकिस्तान के साथ अपने संबंध बनाए रखने होंगे। उनका का यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में पाकिस्तान के साथ अमेरिका के रिश्तों में उल्लेखनीय सुधार आया है।

रुबियो ने क्या कहा?
रुबियो भारत दौरे पर हैं और इस दौरान एक इंटरव्यू में रुबियो से पूछा गया कि क्या पाकिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ आतंकवाद को बढ़ावा दिए जाने के मामले में अमेरिकी नीति बदली है। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अमेरिका दुनिया में कहीं भी होने वाले आतंकवाद और उसे पनाह देने वालों के खिलाफ है।

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विदेश मंत्री के तौर पर उनकी जिम्मेदारी अमेरिकी विदेश नीति चलाने की है। इसके लिए अमेरिका को ऐसे देशों के साथ भी संबंध बनाए रखने होते हैं, जिनके साथ उसके कुछ मुद्दों पर मतभेद हों।

रुबियो ने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि उसके पास परमाणु हथियार हैं और उसकी भौगोलिक स्थिति भी ऐसी है कि अमेरिका को उसके साथ बातचीत और संपर्क बनाए रखने की जरूरत है।

रुबियो की टिप्पणी से संकेत मिलता है कि पाकिस्तान के साथ अमेरिका के रिश्तों को केवल आतंकवाद या भारत के साथ उसके तनाव के नजरिए से नहीं देखा जा सकता। वॉशिंगटन के लिए पाकिस्तान के साथ संपर्क बनाए रखना उसकी व्यापक विदेश नीति का हिस्सा है।

अमेरिकी विदेश मंत्री के बयान का पाकिस्तान के लिए सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि अमेरिका ने उसके साथ संबंध बनाए रखने की जरूरत को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है।

पूर्व विदेश सचिव ने जताई आपत्ति
भारत के पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने अमेरिका-पाकिस्तान संबंधों की तुलना भारत-ईरान रिश्तों से किए जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि यह तुलना तथ्यों की कसौटी पर सही नहीं ठहरती। सिब्बल के मुताबिक, पाकिस्तान अमेरिका का प्रमुख गैर-नाटो सहयोगी है, जबकि ईरान को ऐसा दर्जा हासिल नहीं है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने पाकिस्तान को एफ-16 लड़ाकू विमान और एएमआरएएएम मिसाइलें मुहैया कराई हैं और उसकी परमाणु शक्ति बनने की प्रक्रिया को भी बर्दाश्त किया। उन्होंने पाकिस्तान पर भारत के खिलाफ आतंकवाद को सरकारी नीति के तौर पर इस्तेमाल करने और ओसामा बिन लादेन को वर्षों तक पनाह देने का आरोप लगाया।

सिब्बल ने कहा कि अमेरिका ने ईरान को आतंकवाद प्रायोजित करने वाला देश घोषित कर उस पर व्यापक प्रतिबंध लगाए, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ ऐसी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने चाबहार परियोजना में भारत की भागीदारी पर अमेरिकी प्रतिबंधों और सीपीईसी तथा ग्वादर बंदरगाह के प्रति उसके रुख पर भी सवाल उठाए।

पाकिस्तानी प्रतिक्रिया
पाकिस्तान के रक्षा विशेषज्ञ जाहिद महमूद ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को न तो नजरअंदाज किया जा सकता है, न डराया जा सकता है और न ही अलग-थलग किया जा सकता है।

महमूद भारत पर क्षेत्रीय वर्चस्व स्थापित करने और पाकिस्तान को कूटनीतिक रूप से अलग-थलग करने की कोशिशों का आरोप लगाया। उन्होंने मुताबिक, घरेलू दर्शकों के सामने क्षेत्रीय प्रभुत्व की तस्वीर पेश करने से भू-राजनीतिक वास्तविकताएं नहीं बदल सकतीं।

महमूद ने भारत के रवैये को अहंकार, राजनीतिक दिखावे और पाकिस्तान को अलग-थलग करने की कोशिशों से जोड़ते हुए कहा कि इससे भारत की कूटनीतिक सीमाएं उजागर होती हैं। महमूद ने भारत से वर्चस्ववादी सोच छोड़ने की अपील करते हुए कहा कि पाकिस्तान का अस्तित्व बना रहेगा और दोनों देशों के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व कोई एहसान नहीं, बल्कि जरूरत है।

Read More
Next Story