
कोलकाता के होटल में भीषण आग, एक बच्चे समेत 9 लोगों की मौत
आग देर रात लगी, होटल में कई लोग सो रहे थे। देखते ही देखते धुआं पूरे भवन में फैल गया और कई लोग अंदर फंस गए।
कोलकाता की मिर्ज़ा ग़ालिब स्ट्रीट पर स्थित एक होटल में बुधवार देर रात मध्य आग लगने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है।
आग लगने के समय होटल में कई लोग सो रहे थे। देखते ही देखते धुआं पूरे भवन में फैल गया और कई लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। डिजास्टर मैनेजमेंट टीम को भी राहत और बचाव अभियान में लगाया गया। दमकलकर्मियों ने इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। पुलिस के मुताबिक, घने धुएं की वजह से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना और लोगों को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। हादसे में घायल हुए छह लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
न्यूज़ एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, फ़ायर डिपार्टमेंट ने बताया कि आग में मारे गए सभी नौ लोग बांग्लादेशी नागरिक थे, जो इलाज के लिए कोलकाता आए थे।
आग लगने की वास्तविक वजह अभी साफ नहीं हुई है। शुरुआती रिपोर्ट्स में होटल के एयर-कंडीशनर में विस्फोट को संभावित वजह बताया गया है, लेकिन दमकल और पुलिस की जांच पूरी होने से पहले इसे आग का आधिकारिक कारण नहीं माना जा सकता।
हादसे के बाद होटल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय रिपोर्टों में इमारत की संकरी जगह और निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल सामने आए हैं।
पश्चिम बंगाल में महज दो दिन पहले तारापीठ में भी एक होटल में भीषण आग लगी थी। उस हादसे में भी कई लोगों की मौत हुई थी। लगातार दो होटल अग्निकांडों ने राज्य में होटल और गेस्टहाउस की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

