पश्चिम एशिया संकट का असर, सेंसेक्स 300 अंक लुढ़का-रुपया 96 के पार
x

पश्चिम एशिया संकट का असर, सेंसेक्स 300 अंक लुढ़का-रुपया 96 के पार

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से भारतीय शेयर बाजार दबाव में आ गया। सेंसेक्स 300 अंक टूटा, निफ्टी फिसला और रुपया डॉलर के मुकाबले 96 के पार पहुंच गया।


पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर मंगलवार को एशियाई बाजारों के साथ-साथ भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 300 अंक से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी ५० 24,150 के स्तर से नीचे फिसल गया। इसी बीच डॉलर के मुकाबले रुपया भी कमजोर होकर 96 के पार पहुंच गया।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट

सुबह करीब 9:30 बजे बीएसई सेंसेक्स 287.90 अंक यानी 0.37 प्रतिशत गिरकर 77,328.50 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं, एनएसई निफ्टी 72.85 अंक यानी 0.30 प्रतिशत टूटकर 24,138.15 अंक पर आ गया।एशियाई बाजारों में कमजोरी और वैश्विक निवेशकों की सतर्कता का सीधा असर घरेलू बाजार पर देखने को मिला। निवेशकों ने जोखिम वाले निवेश से दूरी बनानी शुरू कर दी।

रुपया डॉलर के मुकाबले 96 के पार

भारतीय रुपया भी दबाव में रहा। रुपया लगभग 0.5 प्रतिशत गिरकर 96.0775 प्रति डॉलर पर पहुंच गया, जो 22 मई के बाद का इसका सबसे निचला स्तर है। पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 95.62 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।विशेषज्ञों के अनुसार, मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने और अमेरिका तथा ईरान के बीच नए हमलों की खबरों से वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ी है। इसका असर भारतीय मुद्रा पर भी पड़ा है।

तेल कीमतों में तेजी से बढ़ा दबाव

भू-राजनीतिक तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी आई है। ब्रेंट क्रूड 1.51 प्रतिशत बढ़कर 84.26 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। पिछले एक सप्ताह में इसमें लगभग 11 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है।भारत कच्चे तेल का बड़ा आयातक देश है, इसलिए तेल की बढ़ती कीमतें रुपये और शेयर बाजार दोनों पर दबाव बढ़ाती हैं।

सेंसेक्स के 22 शेयर गिरावट के साथ खुले

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 शेयर गिरावट के साथ खुले। एचसीएल टेक में सबसे ज्यादा 2.54 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा इन शेयरों में भी उल्लेखनीय कमजोरी रही। इंडिगो, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, कोटक बैंक

इन शेयरों में दिखी तेजी

गिरावट के माहौल में कुछ शेयरों में खरीदारी भी देखने को मिली। इनमें प्रमुख रूप से शामिल रहे। टाटा स्टील, टीसीएस, इन्फोसिस, अडानी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, एनटीपीसी, आईटीसी

ब्रॉडर मार्केट और सेक्टोरल प्रदर्शन

ब्रॉडर मार्केट में भी कमजोरी बनी रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.37 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.57 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहे थे। सेक्टोरल आधार पर सबसे ज्यादा गिरावट: निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी ऑटो और निफ्टी रियल्टी और सबसे ज्यादा बढ़त निफ्टी फार्मा और निफ्टी मेटल हैं

निवेशकों में सतर्कता

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, तेल कीमतों में उछाल और रुपये की कमजोरी ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। जब तक भू-राजनीतिक स्थिति स्पष्ट नहीं होती, बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

Read More
Next Story