
दतिया उपचुनाव: नरोत्तम मिश्रा ने खत्म की अटकलें, बोले- बीजेपी ही मेरा परिवार
मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई। उन्होंने कहा कि वह पार्टी उम्मीदवार के लिए पूरी ताकत से प्रचार करेंगे।
मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद नाराजगी की चर्चाओं के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह भाजपा के साथ हैं और पार्टी उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से चुनाव प्रचार करेंगे।
शिवसेना यूबीटी के प्रस्ताव पर दिया स्पष्ट जवाब
दिल्ली में रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान नरोत्तम मिश्रा से शिवसेना (यूबीटी) की ओर से मिले कथित टिकट प्रस्ताव को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि उनका राजनीतिक जीवन भाजपा से शुरू हुआ है और वहीं समाप्त होगा।उन्होंने कहा, "मैं बीजेपी में ही राजनीतिक रूप से पैदा हुआ हूं और पार्टी में ही मरूंगा। जीना यहां और मरना यहां।" उनके इस बयान को भाजपा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के तौर पर देखा जा रहा है।
कार्यकर्ताओं की नाराजगी हुई खत्म
दतिया में टिकट नहीं मिलने के बाद समर्थकों के विरोध प्रदर्शन और नाराजगी पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनकी नाराजगी दूर कर दी है।उन्होंने कहा, "क्षणिक आवेश था। गुस्सा अब शांत हो गया है। पार्टी के अधिकारी बैठक कर चुके हैं। सभी प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे। बाकी कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी दूर कर ली जाएगी। वे हमारे अपने कार्यकर्ता हैं।"मिश्रा ने यह भी कहा कि वह उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार के नामांकन के दौरान मौजूद रहेंगे और उनकी जीत के लिए पूरी ताकत से प्रचार करेंगे।
टिकट कटने के बाद हुआ था बवाल
दतिया उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे जाम कर दिया था और स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस पर पथराव भी किया गया। इस दौरान नारेबाजी और हंगामे की घटनाएं सामने आई थीं।
संगठन ने संभाला मोर्चा
पार्टी के भीतर असंतोष की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने भोपाल में नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात की। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं को दतिया भेजा गया, जहां कार्यकर्ताओं के साथ कई दौर की बैठकें हुईं।पार्टी नेताओं ने चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश दिया, ताकि उपचुनाव में भाजपा मजबूती के साथ मैदान में उतर सके।

