
CBI का वकील नहीं पहुंचा, NEET केस की सुनवाई 3 अगस्त तक स्थगित
NEET पेपर लीक मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट में पहले दिन सुनवाई नहीं हो सकी। CBI का वकील पेश नहीं हुआ, जिसके बाद कोर्ट ने लोक अभियोजक नियुक्त करने का निर्देश देते हुए सुनवाई 3 अगस्त तक टाल दी।
NEET पेपर लीक मामले की सुनवाई के लिए गठित फास्ट ट्रैक कोर्ट में पहले ही दिन कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की ओर से कोई भी वकील अदालत में उपस्थित नहीं हुआ। इसके चलते अदालत ने मामले की सुनवाई स्थगित कर दी।
कोर्ट ने लोक अभियोजक नियुक्त करने का दिया निर्देश
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सुनवाई के दौरान Director of Prosecution को निर्देश दिया कि NEET पेपर लीक मामले की पैरवी के लिए जल्द से जल्द एक लोक अभियोजक (Public Prosecutor) नियुक्त किया जाए, ताकि आगे की सुनवाई में किसी प्रकार की बाधा न आए।जमानत याचिकाओं पर भी नहीं हो सकी सुनवाई
सोमवार को मामले के आरोपी विकास और दिनेश बिवाल की जमानत याचिकाएं भी सुनवाई के लिए सूचीबद्ध थीं। हालांकि, CBI की ओर से कोई वकील मौजूद नहीं होने के कारण इन याचिकाओं पर भी सुनवाई नहीं हो सकी।
अब 3 अगस्त को होगी अगली सुनवाई
अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त के लिए निर्धारित की है। कोर्ट ने उम्मीद जताई कि अगली तारीख तक अभियोजन पक्ष की ओर से लोक अभियोजक की नियुक्ति हो जाएगी, जिससे मामले की सुनवाई बिना किसी व्यवधान के आगे बढ़ सके।
छात्र आंदोलन के बाद बनी थी फास्ट ट्रैक कोर्ट
गौरतलब है कि NEET पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर करीब डेढ़ महीने तक लगातार छात्र आंदोलन चला था।हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम लाइव के जरिए छात्रों से संवाद करते हुए भरोसा दिलाया था कि NEET पेपर लीक मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी, ताकि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अब सभी की नजर 3 अगस्त को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी है, जहां मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

