NEET पेपर लीक: बिहार बंद के बाद तेजप्रताप यादव गिरफ्तार, 13 जिलों में बवाल
x

NEET पेपर लीक: बिहार बंद के बाद तेजप्रताप यादव गिरफ्तार, 13 जिलों में बवाल

NEET पेपर लीक के विरोध में बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा के बाद जेजेडी प्रमुख तेजप्रताप यादव गिरफ्तार किए गए। पटना समेत 13 जिलों में बवाल, 209 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार हुए।


NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को हुए बिहार बंद के बाद जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के प्रमुख और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर पटना के रामगुलाम चौक पर प्रदर्शन के दौरान छात्रों को हिंसा के लिए उकसाने का आरोप है। बिहार बंद के दौरान राज्य के 13 जिलों में हिंसक प्रदर्शन हुए, जिनमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगह झड़पें हुईं।

पहले हिरासत, फिर देर रात गिरफ्तारी

जानकारी के मुताबिक, गांधी मैदान पुलिस ने तेजप्रताप यादव को शनिवार दोपहर हिरासत में लिया था, लेकिन स्थिति को देखते हुए कुछ देर बाद छोड़ दिया गया। शाम को जब वे सिटी सेंटर मॉल पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें दोबारा हिरासत में लेकर पहले दीघा थाना और बाद में नौबतपुर थाना ले जाया गया। देर रात नौबतपुर थाने के प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की। संभावना है कि रविवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

बिहार बंद के दौरान बवाल

NEET पेपर लीक, छात्रों पर लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र संगठनों आइसा (AISA) और आरवाईए (RYA) ने बिहार बंद का आह्वान किया था। इस बंद को राजद, वीआईपी, वाम दलों सहित महागठबंधन के अन्य दलों का भी समर्थन मिला।

सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र पटना की सड़कों पर उतरने लगे। दोपहर करीब डेढ़ बजे जेपी गंगा पथ की ओर से लगभग दो हजार छात्र-छात्राएं गांधी मैदान के पास पहुंचे और प्रदर्शन शुरू किया। रामगुलाम चौक पर पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद स्थिति बिगड़ गई और प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच झड़प हो गई।

लाठीचार्ज, आंसू गैस और पथराव

पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले लाठीचार्ज किया और फिर आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके जवाब में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके और एक गश्ती वाहन को पलट दिया। झड़प में कई पुलिसकर्मी और छात्र घायल हुए।इसके बाद प्रदर्शनकारी एक्जीबिशन रोड की ओर बढ़ गए, जहां कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। हालात बिगड़ने पर आसपास की दुकानों को बंद कर दिया गया और गांधी मैदान, फ्रेजर रोड, एक्जीबिशन रोड, जेपी गोलंबर, बांकीपुर और छज्जूबाग सहित कई इलाकों में यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। पूरे दिन डाकबंगला चौराहा पुलिस छावनी में तब्दील रहा।

209 गिरफ्तार, 2,200 अज्ञात पर केस

बिहार बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय पूरे दिन अलर्ट मोड पर रहा। पटना में 209 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि राजद विधायक गौतम कृष्णा समेत 60 लोगों को हिरासत में लिया गया।पुलिस ने 209 नामजद और 2,200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पूरे राज्य में हाई अलर्ट

छात्रों के प्रदर्शन और हिंसा को देखते हुए राज्यभर से 423 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया। पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से हर एक-दो घंटे में सभी जिलों से स्थिति की रिपोर्ट ली जाती रही।सीवान समेत कुछ संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि सभी जिलों को सतर्क रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Read More
Next Story