
नेतन्याहू का PM मोदी को खास न्योता, भारतीय पायलट के साथ जलाएंगे मशाल!
इजराइली PM नेतन्याहू ने PM मोदी को भारतीय पायलट स्मित मच्छर के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने का न्योता दिया, जिन्होंने कॉकपिट में हमले के बावजूद 174 यात्रियों की जान बचाई।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के साथ मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया है। नेतन्याहू ने 22 अक्टूबर को मोदी से फोन पर बातचीत के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने भारत और इजरायल के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत संबंधों का भी जिक्र किया।
नेतन्याहू के मुताबिक, मोदी ने निमंत्रण के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि भारत और इजरायल जमीन और हवा, दोनों जगह आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ रहे हैं। हालांकि, मशाल प्रज्वलित करने वालों के चयन के लिए इजरायल की निर्धारित प्रक्रिया भी है। इसलिए नेतन्याहू का निमंत्रण अपने आप में अंतिम चयन की पुष्टि नहीं है।
विमान के कॉकपिट में हुआ था हमला
कैप्टन स्मित मच्छर 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 के पायलट थे। विमान में 174 यात्री सवार थे। आरोप है कि उड़ान के दौरान सह-पायलट ने कॉकपिट के भीतर उन पर हमला किया और विमान को हाईजैक करने की कोशिश की।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित मच्छर कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद चालक दल के सदस्यों और यात्रियों ने सह-पायलट को काबू करने में मदद की। विमान की सऊदी अरब में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। बाद में सभी यात्री सुरक्षित इजरायल पहुंच गए।
इस घटना में घायल हुए मच्छर का संयुक्त अरब अमीरात के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पहले भी सम्मानित करने का दिया था न्योता
इस महीने की शुरुआत में इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने भी स्मित मच्छर को उनकी बहादुरी के लिए सम्मानित करने का न्योता दिया था। उन्हें राष्ट्रपति नागरिक वीरता पुरस्कार से सम्मानित करने की बात कही गई थी। नेतन्याहू ने भी मच्छर के साहस की प्रशंसा की है।
इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाना एक प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है। इसमें आम तौर पर इजराइली नागरिकों को चुना जाता है। ऐसे में एक भारतीय पायलट को इस समारोह में शामिल करने का प्रस्ताव खास महत्व रखता है। हालांकि, अंतिम चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत होगा।
भारत-इजरायल संबंध
पिछले कुछ वर्षों में भारत और इजरायल संबंध खासे गहरे हुए हैं। दोनों देशों के संबंधों को जुलाई 2017 में रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने फरवरी 2026 में भी इजरायल का दौरा किया था। दोनों देशों के बीच रक्षा, सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग प्रमुख मुद्दे रहे हैं।
नेतन्याहू का यह निमंत्रण ऐसे समय आया है, जब पश्चिम एशिया में तनाव और क्षेत्रीय सुरक्षा के सवाल अहम बने हुए हैं। मोदी और नेतन्याहू ने बातचीत में द्विपक्षीय संबंधों के साथ क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की जरूरत पर भी चर्चा की।

