
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर महिला ने चाकू से 2 लोगों पर किया हमला, पुलिस ने हमलावर को मारी गोली
हमलावर ने एक बुजुर्ग और एक महिला पर चाकू से वार किया। महिला की मौत हो गई।
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में सोमवार (31 अगस्त) को चाकू लिए एक महिला ने कई लोगों पर हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। बाद में पुलिस ने महिला को गोली मार दी।
न्यूयॉर्क शहर के मेयर ज़ोहरान मम्दानी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बार में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति की हालत स्थिर है।
न्यूयॉर्क शहर की पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश ने 'द गार्डियन' को बताया कि चाकू मारने की ये घटना "बिना किसी खास वजह और उकसावे के" हुईं और महिला को पहले से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं। उसकी पहचान क्वींस की रहने वाली 49 वर्षीय पामेला सिस्नेरोस के तौर पर हुई।
टिश का हवाला देते हुए रिपोर्ट्स में कहा गया है कि महिला के पास दो चाकू थे; उसने टाइम्स स्क्वायर पर एक 68 साल के आदमी के पास जाकर उसके पेट में चाकू घोंप दिया। कुछ देर बाद, उसने एक महिला के पेट में भी चाकू मार दिया।
'पुलिस ने हमलावर को समझाने की कोशिश की'
पुलिस ने जब महिला को रोकने और हथियार नीचे रखने के लिए मनाने की कोशिश की, तो उसने मना कर दिया। खबरों के मुताबिक, उसने अधिकारियों से कहा, "मैं कुछ भी नीचे नहीं रखूंगी, बल्कि तुम दोनों को मार डालूंगी।"
कई अधिकारियों ने स्टन गन से सिस्नेरोस को काबू करने की कोशिश की, लेकिन वह उनकी तरफ बढ़ती रही। तभी दो अधिकारियों ने उस पर गोली चला दी।
घायल महिला और हमलावर, दोनों को बेलेव्यू अस्पताल ले जाया गया, जहां सिस्नेरोस और पीड़ित महिला को मृत घोषित कर दिया गया।

