लॉस एंजिलिस की नई मेयर कौन हैं? केरल और दिल्ली से क्या है कनेक्शन
x

लॉस एंजिलिस की नई मेयर कौन हैं? केरल और दिल्ली से क्या है कनेक्शन

रमन ने अमेरिकी राजनीति में नया इतिहास रच दिया है। खास बात यह है कि उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी के राजनीतिक प्रतिष्ठान के समर्थन वाली मौजूदा मेयर को हराकर यह कामयाबी हासिल की है।


अमेरिका के दूसरे सबसे बड़े शहर लॉस एंजिलिस को पहली दक्षिण एशियाई मूल की मेयर मिलने जा रही हैं। भारतीय मूल की नित्या रमन ने मेयर चुनाव में मौजूदा मेयर करेन बास को हरा दिया है। इस जीत के साथ ही उन्होंने अमेरिकी राजनीति में नया इतिहास रच दिया है। खास बात यह है कि रमन ने डेमोक्रेटिक पार्टी के राजनीतिक प्रतिष्ठान के समर्थन वाली मौजूदा मेयर को हराकर यह कामयाबी हासिल की है।

करेन बास को दी शिकस्त
3 नवंबर को हुए चुनाव में नित्या रमन और करेन बास के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। शुरुआती मतगणना में रमन को करीब 52.1 फीसदी और बास को 47.9 फीसदी वोट मिले। इसके बाद 5 नवंबर को करेन बास ने अपनी हार स्वीकार कर ली और रमन को जीत की बधाई दी।

45 वर्षीय रमन फिलहाल लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल के डिस्ट्रिक्ट-4 की सदस्य हैं। वह 2020 में पहली बार इस पद पर चुनी गई थीं और 2024 में दोबारा जीत हासिल की थी।

केरल से अमेरिका तक का सफर
नित्या रमन का जन्म 1981 में केरल के त्रिशूर में हुआ था। छह साल की उम्र में उनका परिवार अमेरिका चला गया। उन्होंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से सोशल स्टडीज में ग्रेजुएशन और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी MIT से पोस्ट ग्रेजुएशन किया।

अमेरिका लौटने से पहले उन्होंने भारत में भी सामाजिक मुद्दों पर काम किया। दिल्ली में झुग्गी बस्तियों के लोगों के विस्थापन के खिलाफ आवाज उठाई। इसके बाद चेन्नई में 'ट्रांसपेरेंट चेन्नई' नाम से नागरिक सुविधाओं और शहरी विकास से जुड़ी पहल शुरू की।

बेघर लोगों और आवास का मुद्दा प्राथमिकता
लॉस एंजिलिस में रमन ने बेघर लोगों की समस्या पर काम किया और 2017 में SELAH Neighborhood Homeless Coalition की सह-स्थापना की। उनके चुनावी एजेंडे में किफायती आवास, सार्वजनिक परिवहन, बुनियादी नागरिक सुविधाओं में सुधार और बेघर लोगों की समस्या का समाधान प्रमुख रहे हैं। उन्होंने 2028 ओलंपिक से पहले सड़कों पर रहने वाले बेघर लोगों की संख्या आधी करने का वादा भी किया है।

नित्या रमन की जीत ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिकी राजनीति में भारतीय मूल के लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उनकी कामयाबी भारतीय मूल के समुदाय के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

Read More
Next Story