
ई-बाइक की बैटरी बनी काल, नोएडा अग्निकांड में 2 लोगों की मौत
नोएडा के ममूरा गांव की बहुमंजिला इमारत में ई-बाइक की बैटरी में स्पार्क से भीषण आग लग गई। 48 परिवारों का रेस्क्यू किया गया, जबकि 2 लोगों की मौत हो गई।
नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र स्थित ममूरा गांव में एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे के समय इमारत में रहने वाले करीब 48 परिवार अंदर फंसे हुए थे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई।
इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी से शुरू हुई आग
प्राथमिक जांच के अनुसार, इमारत के ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में एक इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी चार्जिंग पर लगी हुई थी। इसी दौरान बैटरी में स्पार्किंग हुई, जिससे पास में खड़े पेट्रोल से चलने वाले वाहन आग की चपेट में आ गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में धुआं फैल गया।
धुएं से भर गई इमारत, मची अफरा-तफरी
पार्किंग में लगी आग का धुआं सीढ़ियों और लॉबी तक पहुंच गया, जिससे इमारत में रहने वाले लोग अंदर ही फंस गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना के वीडियो में इमारत से उठती ऊंची लपटें और घना धुआं साफ दिखाई दे रहा है।
बड़े स्तर पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही फायर सर्विस की सात दमकल गाड़ियां, एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों और विशेष उपकरणों की मदद से इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।पुलिस के अनुसार, इमारत में करीब 50 परिवार रहते थे, जिनमें से सभी को रेस्क्यू कर लिया गया। हालांकि धुएं के कारण दो लोगों की हालत गंभीर हो गई। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया।
आग पर पाया गया काबू, मकान मालिक गिरफ्तार
कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में मकान मालिक/लीज धारक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है।

