
'अपने गुंडों को संभालिए', ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा वार
उत्तर प्रदेश के बलिया में विरोध प्रदर्शन के बाद ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबले की चुनौती दी।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। बलिया में उनके काफिले के सामने सपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई पोस्ट कर अखिलेश यादव और सपा पर गंभीर आरोप लगाए।
बलिया की घटना के बाद साधा निशाना
दरअसल, एक दिन पहले बलिया में ओमप्रकाश राजभर के दौरे के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मुर्दाबाद के नारे लगाए गए और काले झंडे भी दिखाए गए। घटना के बाद राजभर ने इसे मुद्दा बनाते हुए सीधे अखिलेश यादव को संबोधित किया।उन्होंने X पर लिखा, "मित्र @yadavakhilesh जी, देख रहे हैं न अपने गुंडों की करतूत। बलिया में सैकड़ों की संख्या में आपके गुंडे मेरे खिलाफ सड़क पर उतर आए। क्यों? क्योंकि मैं सच लिख रहा हूं और सच आपको पच नहीं रहा।"
'गैर-यादव ओबीसी के प्रति आपकी सोच पुरानी'
राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की राजनीति हमेशा गैर-यादव पिछड़ा वर्ग के प्रति भेदभावपूर्ण रही है। उन्होंने लिखा कि सपा नेतृत्व की मानसिकता आज भी नहीं बदली है और गैर-यादव ओबीसी समाज को हमेशा कमतर समझा जाता रहा है।
'काला रंग हमें पसंद है'
सपा कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।उन्होंने लिखा, "हम मुर्दाबाद के नारों और काले कपड़ों से विचलित होने वालों में से नहीं हैं। रही बात काले रंग की, तो हमें काला रंग बहुत पसंद है। जितना दिखाना है, दिखाइए।"
'अगर जनता सड़क पर उतर आई तो कहीं के नहीं रहोगे'
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि यदि राजनीतिक लड़ाई लड़नी है तो लोकतांत्रिक तरीके से चुनावी मैदान में मुकाबला करें।उन्होंने लिखा, "अगर दम है तो लोकतांत्रिक ढंग से लड़िए। चुनाव में ताकत दिखाइए। काला, लाल या हरा जो दिखाना है दिखा लीजिए, लेकिन भगवा फिर भी लहराता रहेगा।"उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके समर्थकों के जवाब में जनता सड़क पर उतर आई तो हालात सपा के लिए मुश्किल हो जाएंगे।
'अपने गुंडों को संभाल लीजिए'
राजभर ने अपने बयान में कहा कि वह संघर्ष से निकले नेता हैं और ऐसे विरोध से डरने वाले नहीं हैं।उन्होंने लिखा, "ओमप्रकाश राजभर सपाई गुंडों से डरने वाला नहीं है। संघर्ष से निकला हूं और समाज की लड़ाई लड़ता आया हूं। अपने गुंडों को संभाल लीजिए महाराज, नहीं तो यह योगी सरकार है, जिसे गुंडों का इलाज करना अच्छी तरह आता है।"
'ओबीसी समाज अब जाग चुका है'
अपने बयान के अंत में सुभासपा प्रमुख ने दावा किया कि गैर-यादव ओबीसी समाज अब राजनीतिक रूप से जागरूक हो चुका है।उन्होंने लिखा, "असली ओबीसी समाज अब जाग चुका है। नक्काल परेशान हैं।"बलिया की घटना के बाद ओमप्रकाश राजभर और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी जुबानी जंग और तेज होती दिखाई दे रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश की राजनीति में इस मुद्दे पर बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

