पटना फायरिंग मामले में खान सर को बेल, कानूनी संकट से मिली राहत
x

पटना फायरिंग मामले में खान सर को बेल, कानूनी संकट से मिली राहत

पटना कोचिंग फायरिंग मामले में खान सर को बड़ी राहत मिली है। सिविल कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत मंजूर कर ली, जबकि उनके दोनों सुरक्षाकर्मियों को भी जमानत मिल गई।


चर्चित शिक्षक और खान ग्लोबल स्टडीज के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर को कोचिंग संस्थान फायरिंग मामले में बड़ी कानूनी राहत मिली है। पटना सिविल कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका मंजूर कर ली है। इसके साथ ही इस मामले में जेल में बंद उनके दोनों सुरक्षाकर्मियों को भी जमानत मिलने की जानकारी सामने आई है।

अदालत ने सुनाया फैसला

खान सर ने हत्या के प्रयास और हथियारों के कथित अवैध इस्तेमाल के मामले में पटना के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। अदालत ने 8 जुलाई को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।पहले आदेश 10 जुलाई को सुनाया जाना था, लेकिन प्रधान जिला जज के अवकाश पर रहने के कारण सुनवाई की तारीख बढ़ाकर 13 जुलाई 2026 कर दी गई। सोमवार को अदालत ने अपना फैसला सुनाते हुए खान सर की अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार कर ली।

सुरक्षाकर्मियों को भी मिली राहत

इसी मामले में न्यायिक हिरासत में बंद खान सर के दो सुरक्षाकर्मियों की नियमित जमानत याचिका पर भी अदालत ने सुनवाई की। दोनों को भी राहत मिल गई है। इससे पहले अदालत ने खान सर और उनके तीन सहयोगियों की गिरफ्तारी पर लगी अंतरिम रोक को 13 जुलाई तक के लिए बढ़ा दिया था।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला जून 2026 की शुरुआत में पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान के बाहर हुई फायरिंग की घटना से जुड़ा है। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने कोचिंग संस्थान में तोड़फोड़ की, जिसके दौरान खान सर के सुरक्षाकर्मियों ने गोलीबारी की।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कदमकुआं थाना पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की थी।

खान सर समेत कई लोगों पर दर्ज हुआ था केवायरल वीडियो के आधार पर कदमकुआं थाना में 4 जून 2026 को कांड संख्या 418/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत खान सर, उनके दो सुरक्षाकर्मियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।जांच के दौरान पुलिस ने खान सर के दोनों सुरक्षाकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अब अदालत के ताजा फैसले के बाद खान सर और उनके सुरक्षाकर्मियों को बड़ी राहत मिली है, जबकि मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।

Read More
Next Story