
‘पद्म भूषण छोटी चीज, ज्ञानेश कुमार को PM बना दीजिए’, कांग्रेस का तंज, बंगाल BJP अध्यक्ष ने की थी तारीफ
पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने CEC ज्ञानेश कुमार की तारीफ करते हुए उन्हें पद्म भूषण देने की बात कही। इस पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने तंज कसते हुए कहा कि पद्म भूषण छोटी चीज है, उन्हें प्रधानमंत्री बना देना चाहिए।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने ज्ञानेश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें कम से कम पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना चाहिए। इस बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने तंज कसा है।
पवन खेड़ा ने कहा,“पद्म भूषण तो बहुत छोटी चीज है। उन्हें प्रधानमंत्री बना दीजिए। आखिर जो दूसरों को प्रधानमंत्री बना सकता है, उसे खुद भी प्रधानमंत्री बनाया जाना चाहिए।” उनका यह बयान पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य की ओर से CEC ज्ञानेश कुमार की तारीफ किए जाने के बाद आया।
बंगाल BJP अध्यक्ष ने की CEC की तारीफ
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक समिक भट्टाचार्य ने उत्तर 24 परगना के पानीहाटी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ज्ञानेश कुमार की तारीफ की थी। उन्होंने कहा कि CEC को कम से कम पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना चाहिए।
भट्टाचार्य ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय बाद ऐसा चुनाव हुआ, जिसमें लोगों को बिना डर के वोट डालने का मौका मिला और चुनाव के दौरान हत्या की घटनाएं नहीं हुईं।
वोटर लिस्ट को लेकर भी किया दावा
समिक भट्टाचार्य ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर भी ज्ञानेश कुमार की भूमिका की सराहना की। उनका दावा है कि पश्चिम बंगाल जैसे सीमावर्ती राज्य में मतदाता सूची से अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाने की पहल की गई।
SIR को लेकर जारी है राजनीतिक विवाद
CEC को लेकर यह बयान ऐसे समय आया है जब चुनाव आयोग और Special Intensive Revision यानी SIR की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक विवाद चल रहा है।
विपक्ष चुनाव आयोग और SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है। वहीं बीजेपी के नेता चुनाव आयोग और CEC के कामकाज का बचाव कर रहे हैं।

