
'जिंदगी नर्क बनी' - PM मोदी को अपशब्द बोलने वाली लड़की ने अब क्या कहा?
आम आदमी पार्टी ने लड़की का वीडियो एक्स पर शेयर करते हुए लिखा है, “किसी को इतना भी मत डराओ कि उसका डर ही खत्म हो जाए।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाली नाबालिग लड़की फिर चर्चा में है। युवती का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने साथ हो रही कथित परेशानियों को लेकर अपनी स्थिति बयां करती नजर आ रही है।
कथित वायरल वीडियो में लड़की बेहद परेशान दिखाई दे रही है। उसका कहना है कि विवाद के बाद उसकी जिंदगी नर्क बन गई है और उसे लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उसने कहा, "मेरे पास जो था, वो सब चला गया मेरा। न मैं कहीं जा सकती हूं। न कहीं रह सकती हूं। ने मेरे पास कोई फ्रीडम है। मुझे हर जगह अपना मुंह छिपा-छिपाकर रहना पड़ रहा है।"
आप ने शेयर किया वीडियो
आम आदमी पार्टी ने लड़की का वीडियो एक्स पर शेयर करते हुए लिखा है, “किसी को इतना भी मत डराओ कि उसका डर ही खत्म हो जाए। क्या आपको जंतर-मंतर प्रोटेस्ट की यह वायरल 15 साल की नाबालिग लड़की याद है? उसे परेशान किया गया, धमकाया गया और मोदी से माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया। माफी मांगने के बाद भी, उसके खिलाफ़ षडयंत्र बंद नहीं हुआ और अब आखिरकार उसका सब्र टूट गया है। वह फिर से सीधे मोदी पर हमला कर रही है और उसने वादा किया है कि इस बार वह पीछे नहीं हटेगी।"
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह पूरा विवाद जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन से जुड़ा है। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद नोएडा पुलिस ने एक जीरो एफआईआर दर्ज की थी। शुरुआती एफआईआर में लड़की की उम्र को लेकर भी विवाद सामने आया, जबकि बाद में जारी एक वीडियो में उसने खुद को नाबालिग बताया और अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी।
लड़की ने अपने माफी वाले वीडियो में कहा था कि उससे गलती हुई और उसने भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की बात कही थी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रदर्शन में शामिल उन बच्चों को माफ करने की बात कही थी, जिन्होंने उनके खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। प्रधानमंत्री ने कहा था कि ऐसे बच्चों को सजा देने या अदालतों के चक्कर लगवाने से समस्या का समाधान नहीं होगा।
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने नाबालिग लड़की के खिलाफ मामले को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया। रिपोर्ट्स में इसके पीछे उसकी उम्र, माफी मांगने और मामले में नरमी बरतने की अपील जैसे कारणों का उल्लेख किया गया।

