
पंजाब में गैंगवार और नशे का राज, विज्ञापनों से छिपा रहे सच: पीएम मोदी
जालंधर में 5,470 करोड़ की सौगात देकर आम आदमी पार्टी पर बरसे प्रधानमंत्री; बोले- बदहाल है कानून-व्यवस्था, सुरक्षित नहीं हैं पुलिस थाने।
PM Modi Punjab Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में ₹5,470 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलांयास और उद्घाटन किया। इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने पंजाब की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने राज्य की चरमराती कानून-व्यवस्था, बढ़ते गैंगवार और नशे के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि पंजाब में आज जो कुछ भी हो रहा है, वह किसी से छिपा नहीं है। यहां विज्ञापनों के भारी-भरकम दम पर जनता के साथ किए जा रहे विश्वासघात की असली तस्वीर को छिपाने की नाकाम कोशिश की जा रही है।
गैंगवार, फिरौती और बदहाल कानून-व्यवस्था पर घेरा
पंजाब में सुरक्षा के हालातों पर चिंता जताते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आज पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बेहाल है। कब, कहां गैंगवार हो जाए और किस दिशा से गोलियां चलने लगें, कोई कह नहीं सकता। राज्य में अब व्यापार और कारोबार करना दूभर हो गया है क्योंकि सरेआम व्यापारियों से फिरौती मांगी जा रही है।" उन्होंने आगे कहा कि यहां तो अब पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं बचे हैं, जिन पर आए दिन हमले हो रहे हैं। सबसे दुखद बात यह है कि नशे के सौदागर खुलेआम घूम रहे हैं और पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल में धकेलकर राज्य का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है।
दंगे भड़काने और आईबी अफसर की हत्या के दोषी पर बेशर्मी
प्रधानमंत्री ने दिल्ली की एक अदालत द्वारा हाल ही में 'आप' के एक नेता को दोषी ठहराए जाने का जिक्र करते हुए कहा, "देश की राजनीति बदलने का घमंड करने वालों की सच्चाई आज पूरा देश देख रहा है। दो-तीन दिन पहले ही अदालत ने उनके एक नेता को दंगे भड़काने और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के अधिकारी की हत्या का दोषी पाया है। लेकिन इनकी बेशर्मी देखिए, ये अपने वोट बैंक को बचाने के लिए अदालत के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं और इसे धर्म व आस्था के चश्मे से देख रहे हैं।"
हाइड्रोजन ट्रेन और विकास परियोजनाओं की सौगात
राजनीतिक हमलों के बीच पीएम मोदी ने पंजाब को बुनियादी ढांचे और रेलवे की बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने बताया कि आज सुबह ही उन्होंने हरियाणा के जींद से देश की पहली 'हाइड्रोजन ट्रेन' को हरी झंडी दिखाई और कुरुक्षेत्र में एक भव्य सिख म्यूजियम का शिलांयास किया। इसके साथ ही जालंधर से अमृतसर-वाराणसी के बीच 'संत रविदास एक्सप्रेस' सहित कई नई रेल सेवाओं की शुरुआत की गई, जिससे पंजाब से काशी की राह आसान होगी। पीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले रेलवे को अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, लेकिन आज 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत देश के 1300 से ज्यादा स्टेशनों का कायाकल्प हो रहा है, जिसमें से आज 75 स्टेशनों का लोकार्पण किया गया है। पीएम का यह दौरा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
Next Story

