
'74 से 166 एयरपोर्ट'... आंध्र से PM मोदी ने गिनाईं NDA सरकार की उपलब्धियां
आंध्र प्रदेश में भोगापुरम एयरपोर्ट के उद्घाटन पर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। एयरपोर्ट नामकरण, एविएशन सेक्टर, उड़ान योजना और विकास कार्यों को गिनाया।
दिल्ली में CJP के बड़े प्रदर्शन और विपक्ष के हमलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश से कांग्रेस पर निशाना साधा। विजयनगरम जिले के भोगापुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के बाद आयोजित जनसभा में पीएम मोदी ने विकास, बुनियादी ढांचे और एयरपोर्ट नामकरण की राजनीति पर कांग्रेस को घेरा।
'स्वर्ण आंध्र' के विजन पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश के विकास के लिए स्पष्ट विजन जरूरी है। उन्होंने नए एयरपोर्ट को उत्तर आंध्र की प्रगति का 'रनवे' और राज्य के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का 'लॉन्च पैड' बताया।उन्होंने कहा कि अल्लूरी सीताराम राजू ने आदिवासी समाज और देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित किया था। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर एयरपोर्ट का नाम रखा जाना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
'पहले एक ही परिवार के नाम पर होते थे एयरपोर्ट'
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर अप्रत्यक्ष हमला करते हुए कहा कि पहले देश में एयरपोर्ट का नाम अक्सर एक ही परिवार के नाम पर रखा जाता था, लेकिन एनडीए सरकार ने इस परंपरा को बदल दिया।उन्होंने कहा कि अब देश के एयरपोर्ट महापुरुषों और समाज के प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों के नाम पर रखे जा रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि और पंजाब के एयरपोर्ट का नाम संत रविदास के नाम पर रखा गया है। अब भोगापुरम एयरपोर्ट का नाम अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा गया है।
12 साल में 74 से 166 एयरपोर्ट
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 तक देश में केवल 74 संचालित एयरपोर्ट थे, जबकि आज यह संख्या बढ़कर 166 हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले हवाई यात्रा बड़े शहरों तक सीमित थी, लेकिन अब छोटे शहरों के लोग भी उड़ान योजना के जरिए हवाई यात्रा कर रहे हैं।उन्होंने बताया कि सरकार ने उड़ान योजना के दूसरे चरण के लिए 29 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
रेल, सड़क, बंदरगाह और ब्लू इकोनॉमी पर फोकस
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार आंध्र प्रदेश में रेल, सड़क, एयरपोर्ट और बंदरगाहों को जोड़ने का काम तेज़ी से कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 1 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार ब्लू इकोनॉमी को मजबूत करने के लिए विशाखापट्टनम से कृष्णापट्टनम तक पुराने बंदरगाहों का आधुनिकीकरण कर रही है। साथ ही मुलापेटा और रामायापट्टनम में नए बंदरगाह विकसित किए जा रहे हैं।
चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण की तारीफ
प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों के नेतृत्व में एनडीए सरकार राज्य के विकास के लिए दोगुनी गति से काम कर रही है।उन्होंने धिमसा नृत्य के विश्व रिकॉर्ड का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास और सांस्कृतिक विरासत—दोनों को साथ लेकर चलना ही आंध्र प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है।
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य आंध्र प्रदेश को मजबूत बुनियादी ढांचे, बेहतर कनेक्टिविटी और तटीय आर्थिक गलियारे के माध्यम से देश के प्रमुख विकास इंजन के रूप में स्थापित करना है।

