
जंतर-मंतर की भाषा पर पीएम मोदी का संदेश, 'गलतियों से सीखने का वक्त'
जंतर-मंतर विवाद पर पीएम मोदी ने कहा कि अभद्र भाषा स्वीकार्य नहीं, लेकिन गुमराह बच्चों को सजा देने के बजाय उन्हें सही राह दिखाना समाज की जिम्मेदारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक नई वीडियो रील साझा की, जिसमें उन्होंने हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल की गई कथित अभद्र भाषा पर प्रतिक्रिया दी। पीएम ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान न सिर्फ उन्हें बल्कि उनकी दिवंगत मां के लिए भी अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जो किसी भी सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं है।
'बच्चे गुमराह हैं, उन्हें राह दिखानी होगी'
वीडियो में प्रधानमंत्री ने कहा कि बचपन में गलतियां होना स्वाभाविक है और उन्हें सुधारने का अवसर भी मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में इस घटना को लेकर आक्रोश है और लोगों को यह देखकर सांस्कृतिक झटका लगा कि बेटियां भी ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके बावजूद उन्होंने लोगों से अपील की कि इन युवाओं को दंडित करने के बजाय उन्हें अपनाकर सही दिशा दिखानी चाहिए।
'सजा से नहीं, समझाने से बदलेगी स्थिति'
पीएम मोदी ने कहा कि इन बच्चों को अदालतों के चक्कर लगवाने या सामाजिक रूप से प्रताड़ित करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने दांत और जीभ का उदाहरण देते हुए कहा, "कभी-कभी दांतों तले जीभ आ जाती है और खून भी निकल आता है, लेकिन हम दांत नहीं तोड़ते, क्योंकि दांत भी हमारे हैं और जीभ भी हमारी है।" उन्होंने कहा कि यही भावना इन बच्चों के प्रति भी होनी चाहिए।
युवाओं से की देश निर्माण की अपील
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में युवाओं से गलतियों से सीखने और देश के विकास में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा, "आओ, हम सब मिलकर देश को आगे बढ़ाएं। मैं आपके लिए जीता हूं और आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करता हूं। देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और मैं चाहता हूं कि आप भी उसके साथ आगे बढ़ें।"
रुचिका सिंह के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के बैनर तले हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने वाली युवती रुचिका सिंह के खिलाफ नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, शुक्रवार को रुचिका सिंह की मां ने सार्वजनिक रूप से इस घटना के लिए माफी भी मांग ली।

