PNB में करोड़ों का खेल! लोगों की गाढ़ी कमाई गायब, मैनेजर समेत पांच सस्पेंड,  FIR दर्ज
x

PNB में करोड़ों का खेल! लोगों की गाढ़ी कमाई गायब, मैनेजर समेत पांच सस्पेंड, FIR दर्ज

ग्रेटर नोएडा में किसानों के मुआवजे और एफडी की रकम बिना अनुमति दूसरे खातों में ट्रांसफर करने का आरोप, पुलिस और बैंक की जांच जारी।


PNB Fraud in Greater: ग्रेटर नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक की ऐच्छर शाखा में करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी सामने आई है। खाताधारकों का आरोप है कि उनके बचत खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट से बिना अनुमति रकम निकाल ली गई। कई मीडिया रिपोर्टों में करीब 35 करोड़ रुपये की हेराफेरी का दावा किया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी वास्तविक रकम की पुष्टि नहीं की है। बैंक ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।

पैसे निकालने पहुंचे तो खुलासा
मामले का खुलासा तब हुआ, जब खाताधारक बैंक से पैसे निकालने पहुंचे। कई लोगों को पता चला कि उनके खातों से बड़ी रकम गायब है। कुछ किसानों का आरोप है कि उनकी एफडी समय से पहले बंद कर दी गईं और पैसे दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। नाराज खाताधारकों ने मंगलवार को बैंक शाखा के बाहर प्रदर्शन किया। प्रभावित लोगों में कई ऐसे किसान शामिल हैं, जिन्हें जमीन अधिग्रहण का मुआवजा मिला था। पीड़ित खाताधारकों ने आरोप लगाया कि उनकी रकम कटी लेकिन न तो उन्होंने कोई ट्रांसफर मंजूर किया और न ही उन्हें कोई मैसेज मिला।

पुलिस जांच और बैंक की कार्रवाई
बीटा-2 थाने में बैंक कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस शिकायतों की जांच कर रही है। बैंक ने भी आंतरिक जांच शुरू की है। बैंक प्रबंधन ने प्रभावित ग्राहकों की शिकायतों का समाधान करने और रकम लौटाने का भरोसा दिया है।

जमीन अधिग्रहण का मुआवजा
ग्रेटर नोएडा और आसपास के कई गांवों के किसानों ने जमीन अधिग्रहण से मिली रकम बैंक में जमा कराई थी। अब इन्हीं खातों में कथित अनियमितताएं सामने आई हैं। सबसे बड़ा सवाल है कि बिना खाताधारकों की मंजूरी के इतनी बड़ी रकम कैसे ट्रांसफर हुई और इसकी जिम्मेदारी किसकी है? फिलहाल पुलिस जांच जारी है। घोटाले की वास्तविक रकम और जिम्मेदार लोगों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।

Read More
Next Story