सऊदी अरब की उड़ानें रद्द, भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
x

सऊदी अरब की उड़ानें रद्द, भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

सुरक्षा चिंताओं के बीच इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा एयर ने सऊदी अरब के लिए कई उड़ानें निलंबित कीं, यात्रियों को रवाना होने से पहले उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी गई।


सऊदी अरब में बढ़ते सुरक्षा खतरे के बीच भारत से वहां जाने वाली कई उड़ानों का रद्द होना जारी है। भारतीय दूतावास ने उड़ानों की स्थिति को लेकर नई जानकारी साझा की है। रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना जाने वाले यात्रियों, खासकर उमराह यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

इंडिगो की उड़ानें अलग-अलग तारीखों तक रद्द
रियाद स्थित भारतीय दूतावास के मुताबिक, इंडिगो की रियाद आने-जाने वाली उड़ानें 31 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। वहीं, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए उड़ानों का निलंबन 27 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी अपनी उड़ानें 24 अक्टूबर तक निलंबित रखी हैं। अकासा एयर ने जेद्दा की उड़ानें 10 नवंबर और रियाद की उड़ानें 30 नवंबर तक रद्द करने की घोषणा की है।

यात्रियों को सलाह है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की ताजा स्थिति की पुष्टि कर लें। टिकट बुक कराने वाले यात्री बदलाव या रिफंड के विकल्पों के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें।

हमलों के बाद बिगड़े हालात
उड़ानों पर रोक के पीछे सऊदी अरब में हवाई हमलों का बढ़ता खतरा है। ड्रोन और मिसाइल हमलों में एयरपोर्ट, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और दूसरे अहम ठिकानों को निशाना बनाया गया है। बुधवार को दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। इसी दिन सऊदी अरामको के शैबह तेल क्षेत्र में हुए एक अलग हमले में भी एक भारतीय नागरिक घायल हुआ।

इससे पहले 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में भी एक भारतीय नागरिक की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हुए थे। इन घटनाओं के बाद से हवाई यात्रा प्रभावित है।

भारतीय नागरिकों को क्या सलाह?
भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीयों को सऊदी अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और हवाई हमले की स्थिति में इमारत के भीतर सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है। साथ ही, मिसाइल या ड्रोन को रोकने की कार्रवाई और हमले वाली जगहों की तस्वीरें या वीडियो बनाने, प्रकाशित करने और साझा करने से बचने को कहा है। ऐसा करने पर स्थानीय कानूनों के तहत कार्रवाई हो सकती है।

जरूरी होने पर सऊदी अरब से बाहर जाने वाले भारतीय नागरिक बहरीन, कुवैत या कतर के रास्ते यात्रा पर विचार कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए संबंधित देश का वैध वीजा और आगे की यात्रा की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है।

विदेश मंत्रालय और भारतीय मिशन प्रभावित उमराह यात्रियों की वापसी के लिए एयरलाइंस और टूर ऑपरेटरों के संपर्क में हैं। सऊदी अरब में करीब 27.4 लाख भारतीय रहते हैं। ऐसे में सुरक्षा की स्थिति और उड़ानों में बदलाव पर भारतीय मिशन लगातार नजर रखे हुए हैं।

Read More
Next Story