SBI के 3,897 ग्राहकों का डाटा डार्क वेब पर लीक, बैंक ने शुरू की जांच
x

SBI के 3,897 ग्राहकों का डाटा डार्क वेब पर लीक, बैंक ने शुरू की जांच

SBI ने 0 ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर लीक होने के बाद साइबर हमले की जांच शुरू की, जबकि बैंकिंग परिचालन पर बड़े असर की आशंका से इनकार किया है।


देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने साइबर हमले से जुड़े डेटा लीक की जानकारी दी है। 21 अक्टूबर 2026 को सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक के 3,897 ग्राहकों से जुड़ा संवेदनशील डेटा डार्क वेब पर उजागर हुआ है। बैंक ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

ग्राहकों की कौन-सी जानकारी लीक हुई?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बैंक की शुरुआती जांच में सामने आया है कि उजागर रिकॉर्ड में ग्राहकों के नाम, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, ईमेल आईडी और आवासीय पते शामिल हैं। इसके अलावा, ग्राहक पहचान से जुड़ी जानकारी और कुछ लोन संबंधी रिकॉर्ड भी डेटा में मौजूद हैं।

यह जानकारी निजी और वित्तीय पहचान से जुड़ी है। इसके गलत इस्तेमाल से ग्राहकों को फिशिंग, फर्जी कॉल और पहचान की धोखाधड़ी जैसे जोखिमों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, इन रिकॉर्ड के आधार पर किसी धोखाधड़ी की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

SBI ने क्या कदम उठाए?

बैंक ने डेटा लीक की प्रकृति और उसके दायरे का पता लगाने के लिए एक स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी को जांच में शामिल किया है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि डेटा कैसे उजागर हुआ और इससे ग्राहकों पर क्या संभावित असर पड़ सकता है।

बैंकिंग सेवाओं पर क्या असर पड़ेगा?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक SBI ने कहा है कि शुरुआती आकलन के अनुसार, इस घटना से बैंक के मुख्य बैंकिंग परिचालन, वित्तीय प्रदर्शन या कारोबार की निरंतरता पर कोई बड़ा असर पड़ने की आशंका नहीं है।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब वित्तीय संस्थानों पर साइबर हमलों का खतरा बढ़ रहा है। बैंकिंग क्षेत्र में डिजिटल सुरक्षा और ग्राहकों के निजी डेटा की सुरक्षा को लेकर नियामकीय सतर्कता भी बढ़ी है।

फिलहाल, डेटा लीक के स्रोत और संभावित जोखिमों को लेकर जांच जारी है। मामले की पूरी तस्वीर जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Read More
Next Story