ट्रंप पर फिर मंडराया खतरा, कैलिफोर्निया के गोल्फ कोर्स के पास हथियारों के साथ संदिग्ध गिरफ्तार
x

ट्रंप पर फिर मंडराया खतरा, कैलिफोर्निया के गोल्फ कोर्स के पास हथियारों के साथ संदिग्ध गिरफ्तार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले का खतरा एक बार फिर सामने आया है। कैलिफोर्निया के रैंचो पालोस वर्डेस में ट्रंप नेशनल गोल्फ कोर्स के बाहर से 38 वर्षीय संदिग्ध जीनिन जॉन टेले को गिरफ्तार किया गया है।


अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति और मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में सेंध लगाने और उन पर हमले की कोशिशों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कैलिफोर्निया में ट्रंप के एक हाई-प्रोफाइल फंडरेजिंग इवेंट से ठीक पहले लॉस एंजिल्स काउंटी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। रैंचो पालोस वर्डेस स्थित 'ट्रंप नेशनल गोल्फ कोर्स' के बाहर से एक बेहद संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिसके इरादों ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं।

रेकी कर रहा था आरोपी, तलाशी में मिला हथियारों का जखीरा

लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ विभाग के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 38 वर्षीय शख्स की पहचान जीनिन जॉन टेले (Jeanine John Taele) के रूप में हुई है, जो पास के ही डाउनी शहर का रहने वाला है। अधिकारियों ने बताया कि टेले इवेंट से दो दिन पहले से गोल्फ कोर्स के चक्कर काट रहा था। वह वहां सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, एंट्री पॉइंट और सुरक्षा तैयारियों की तस्वीरें खींच रहा था और वीडियो बना रहा था। संदेह होने पर जब सादे कपड़ों में तैनात संघीय एजेंटों और पुलिस अधिकारियों ने उसे रोका और तलाशी ली, तो उसकी जेब से गोलियों से भरी 16-राउंड की मैगजीन बरामद हुई। इसके बाद जब उसकी कार की जांच की गई, तो उसमें से एक लोडेड पिस्तौल मिली। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांचकर्ताओं ने तुरंत कोर्ट से सर्च वारंट हासिल किया और डाउनी में स्थित टेले के घर पर छापेमारी की।

घर का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। वहां से एक अवैध रूप से मॉडिफाइड एआर-स्टाइल राइफल, .45 कैलिबर की पिस्टल, मैगजीन, सैकड़ों कारतूस, बॉडी आर्मर और दो रेडियो सिग्नल डिवाइस बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस को कुछ ऐसी नोटबुक भी मिली हैं जिनमें "बेहद चिंताजनक बातें" लिखी हुई थीं।

अदालत ने खारिज की दलीलें, $250,000 की बेल तय

यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब ट्रंप रिपब्लिकन नेशनल कमेटी (RNC) के फंडरेजिंग डिनर में शामिल होने के लिए लॉस एंजिल्स पहुंचने वाले थे। आरोपी टेले पर सेकेंड-डिग्री डकैती, प्रतिबंधित हथियार रखने, बड़ी क्षमता वाली मैगजीन रखने और गाड़ी में हथियार छिपाकर ले जाने जैसे कई गंभीर (फ़ेलोनी और मिसडीमीनर) मामले दर्ज किए गए हैं। हालांकि, अदालत में पेशी के दौरान टेले ने खुद को बेकसूर बताते हुए सभी आरोपों से इनकार किया है।

कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे गोल्फ कोर्स से दूर रहने, हथियार न रखने की सख्त हिदायत दी है और उसकी जमानत राशि 2.5 लाख डॉलर ($250,000) तय की है।

FBI और सीक्रेट सर्विस की जांच शुरू

भले ही स्थानीय पुलिस और शेरिफ विभाग फिलहाल किसी तत्काल बड़े खतरे से इनकार कर रहे हों, लेकिन एफबीआई (FBI) की जॉइंट टेररिज्म टास्क फोर्स और अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। एजेंसियां इस बात का पता लगा रही हैं कि क्या टेले अकेले इस वारदात को अंजाम देने की फिराक में था या वह किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय या घरेलू साजिश का हिस्सा है।

डोनाल्ड ट्रंप पर पिछले कुछ समय में जिस तरह बार-बार हमले की कोशिशें (जैसे 13 जुलाई 2024 को पेंसिल्वेनिया रैली, 15 सितंबर 2024 को फ्लोरिडा गोल्फ कोर्स, और हालिया वाशिंगटन घटना) हुई हैं, उसने पूरी दुनिया का ध्यान अमेरिकी राष्ट्रपतियों की सुरक्षा पर खींच लिया है।

Read More
Next Story