
अमेरिका में सिख ट्रक ड्राइवर पर जानलेवा हमला, 17 बार चाकू से वार
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है
अमेरिका के व्योमिंग में 28 साल के एक सिख ट्रक ड्राइवर पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। हमलावर ने ड्राइवर पर कम से कम 17 बार वार किए, जिससे उसकी गर्दन, छाती, हाथ और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। हमले का मकसद फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
रेस्ट एरिया के वॉशरूम में हुआ हमला
पीड़ित कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो का रहने वाला है और उसने अपनी पहचान केवल 'सिंह' उपनाम से बताई है। घटना 13 सितंबर को इंटरस्टेट-80 पर स्थित बिटर क्रीक रेस्ट एरिया में हुई। सिंह पेंसिल्वेनिया जा रहे थे और रास्ते में रेस्ट एरिया पर रुके थे। उनके मुताबिक एक व्यक्ति वॉशरूम तक उनके पीछे आया और अचानक हमला शुरू कर दिया। बाद में उसने चाकू निकालकर कई वार किए। घायल सिंह किसी तरह बाहर निकले और मदद मांगी, जिसके बाद वे गिर पड़े।
रेस्ट एरिया में मौजूद एक परिवार उनकी मदद के लिए आगे आया। इसी परिवार ने पुलिस को संदिग्ध की पहचान करने में भी सहायता की। व्योमिंग हाईवे पेट्रोल ने आरोपी एंड्रयू क्रिस बज़डैक को घटनास्थल से करीब 113 किलोमीटर दूर रॉलिन्स के पास पकड़ लिया। उस पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर की कोशिश का आरोप लगाया गया है।
क्या पहचान की वजह से हुआ हमला?
अमेरिकन सिख काउंसिल ने अधिकारियों से जांच करने की मांग की है कि क्या पीड़ित की नस्ल या धार्मिक पहचान की इस हमले में कोई भूमिका थी। हालांकि अब तक जांच एजेंसियों ने हमले को हेट क्राइम घोषित नहीं किया है और मकसद की पुष्टि नहीं हुई है। सिंह ने हमले को बिना किसी उकसावे के हुआ बताया है।
DHS के पोस्ट के बाद बढ़ा विवाद
यह घटना अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी यानी DHS के एक विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के कुछ दिनों बाद सामने आई है। पोस्ट में भारतीय मूल के ट्रक ड्राइवर को 'Mr Singh' कहकर अमेरिका की सड़कों से हटने और 'self-deport' करने का संदेश दिया गया था। इस पोस्ट की आलोचना हुई थी।
भारतीय मूल के डेमोक्रेट सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने हमले की निंदा करते हुए ट्रंप प्रशासन के DHS पोस्ट की भी आलोचना की। हालांकि फिलहाल DHS पोस्ट और व्योमिंग में हुए हमले के बीच किसी सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

