
सोनम वांगचुक की पत्नी की दो टूक, बिना अनुमति न हो कोई इलाज
सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने कहा कि उनकी, परिवार और इलाज कर रहे डॉक्टरों की सहमति के बिना कोई दवा या उपचार शुरू नहीं किया जाए।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार को दिल्ली पुलिस ने सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच उनकी पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने कहा कि उनकी अनुमति के बिना वांगचुक का कोई इलाज शुरू नहीं किया जाना चाहिए और उन्हें कोई दवा भी नहीं दी जानी चाहिए।
गीतांजलि आंग्मो ने बताया कि वह इस समय सफदरजंग अस्पताल में मौजूद हैं। उन्होंने कहा, "मेरी सहमति के बिना सोनम वांगचुक का कोई इलाज शुरू नहीं किया जाए। अगर बिना अनुमति ऐसा किया जाता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी।"
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी, परिवार के सदस्यों और पिछले 20 दिनों से वांगचुक की सेहत पर नजर रख रहे डॉक्टरों की मंजूरी के बिना उन्हें न तो मुंह से और न ही नस के जरिए कोई दवा या अन्य चिकित्सकीय उपचार दिया जाए।
सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने कहा कि "कल तक वह पूरी तरह ठीक थे। उन्हें अस्पताल ले जाने की कोई जरूरत नहीं थी। अनुच्छेद 32 के तहत यह मेरा अधिकार है कि उनकी सहमति और परिवार की अनुमति का सम्मान किया जाए।"वहीं, दिल्ली पुलिस ने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह और दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में सोनम वांगचुक को आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक आंदोलन समाप्त करने और जल्द से जल्द धरना स्थल खाली करने की अपील भी की।
इससे पहले शुक्रवार रात जारी एक वीडियो संदेश में सोनम वांगचुक ने कहा था कि बिगड़ती सेहत के बावजूद वह अपना अनशन जारी रखेंगे। उन्होंने दावा किया कि भूख हड़ताल के दौरान उनके शरीर का करीब 20 प्रतिशत वजन कम हो चुका है। उन्होंने कहा, "प्याज की कीमतों पर सरकारें गिर चुकी हैं। अब समय आ गया है कि सरकार युवाओं की आवाज सुने।"
सोनम वांगचुक 28 जून से कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के उस आंदोलन के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं, जिसमें नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और इस विवाद से जुड़े छात्रों की मौत के मामलों में कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस पूरे मामले पर दिल्ली हाईकोर्ट लगातार नजर बनाए हुए है। अदालत ने निर्देश दिया है कि सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य का नियमित मेडिकल आकलन किया जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

