सोनिया की किताब पर प्रियंका का BJP-RSS को जवाब, बोलीं- मां अब अपना सच बता रही हैं
x

सोनिया की किताब पर प्रियंका का BJP-RSS को जवाब, बोलीं- मां अब अपना सच बता रही हैं

सोनिया गांधी की किताब पर बीजेपी के सवालों के बीच प्रियंका गांधी ने कहा- मां अब तक चुप रहीं, अब अपनी कहानी खुद बता रही हैं।


कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी मां और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब को लेकर बीजेपी और RSS पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और RSS लंबे समय से सोनिया गांधी के बारे में झूठी कहानियां फैलाते रहे हैं। अब जब सोनिया गांधी अपनी जिंदगी और राजनीतिक सफर की कहानी खुद बता रही हैं, तो बीजेपी उनकी बातों पर सवाल उठा रही है।

गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका ने कहा कि उनकी मां ने भारत में अपने जीवन का ज्यादातर हिस्सा चुप रहकर बिताया। इस दौरान राजनीतिक विरोधियों ने उनके बारे में मनगढ़ंत बातें कहीं और कहानियां बनाई।

प्रियंका ने कहा, 'मेरी मां के बारे में बीजेपी, RSS और कई दूसरे लोगों ने जो चाहा, कहा। उन्होंने झूठ बोला, कहानियां गढ़ीं और मेरी मां चुप रहीं। अब वह अपनी कहानी बता रही हैं। उन्हें अपनी बात कहने का पूरा अधिकार है।' उन्होंने आगे कहा कि इतने सालों तक उनकी मां के बारे में झूठ फैलाया गया और अब जब वह सच बता रही हैं, तो जाहिर है कि विरोधी उसे भी झूठ कहेंगे। प्रियंका ने यह भी कहा कि उन्हें खुशी है कि बीजेपी के नेता उनकी मां की किताब पढ़ रहे हैं।

इमरजेंसी और 1984 दंगों पर BJP ने उठाए सवाल
दरअसल, सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love 10 नवंबर को जारी हुई है। इसके सामने आने के बाद से ही राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है।

बीजेपी ने किताब को लेकर आरोप लगाया है कि सोनिया गांधी ने 1975 की इमरजेंसी को सही ठहराने की कोशिश की है। पार्टी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर भी उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का बचाव करने का आरोप लगाया। बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने किताब को 'व्हाइटवॉशिंग' तक करार दिया था।

निजी जीवन के साथ राजनीति का भी जिक्र
सोनिया गांधी की 544 पन्नों की इस किताब में उनके निजी जीवन, राजीव गांधी से मुलाकात, परिवार की त्रासदियों और भारतीय राजनीति में उनके सफर का जिक्र है। इस किताब के जरिए सोनिया गांधी ने उन घटनाओं पर अपना पक्ष रखा है, जिनको लेकर दशकों से राजनीतिक बहस होती रही है। अब प्रियंका गांधी के बयान से किताब को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी टकराव और तेज हो गया है।

Read More
Next Story