स्पेन में भीषण रेल हादसा, दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर, कम से कम 46 लोगों की मौत
x

स्पेन में भीषण रेल हादसा, दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर, कम से कम 46 लोगों की मौत

हादसे के बाद मैड्रिड समेत कई प्रमुख रेल मार्गों पर सेवाएं रोक दी गईं, जबकि राहत और बचाव अभियान जारी है।


स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार (28 अक्टूबर) सुबह दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में भारी जनहानि हुई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कम से कम 46 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, इस आंकड़े की व्यापक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। क्षेत्रीय सरकार ने शुरुआती तौर पर 10 मौतों की पुष्टि की थी। कई यात्री घायल हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

पीछे से टकराई ट्रेन, दो डिब्बे पटरी से उतरे
हादसा सुबह करीब 8:54 बजे टोलेडो के उर्दा इलाके के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मैड्रिड से सेविला जा रही एक हाई-स्पीड ट्रेन ने आगे रुकी दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दो डिब्बे पटरी से उतरकर ढलान की ओर जा गिरे।

हादसे में सरकारी रेल कंपनी रेनफे (Renfe) की AVE और निजी कंपनी इर्यो (Iryo) की ट्रेनें शामिल थीं। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

रेल सेवाएं बंद, बचाव अभियान जारी
स्पेन की रेल अवसंरचना प्रबंधन संस्था ADIF ने मैड्रिड, स्यूदाद रियाल और अंडालूसिया के बीच रेल सेवाएं निलंबित कर दी हैं।घटनास्थल पर दमकलकर्मी, चिकित्सा दल और बचावकर्मी तैनात किए गए हैं। घायलों की मदद के लिए उर्दा में एक खेल परिसर को अस्थायी चिकित्सा केंद्र के रूप में तैयार किया गया है।

प्रधानमंत्री ने जताया शोक
स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने बताया कि वह परिवहन मंत्री और क्षेत्रीय प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं।

क्षेत्रीय सरकार ने आपातकालीन योजना लागू की है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ राहत और बचाव कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है।

जनवरी में भी हुआ था बड़ा रेल हादसा
स्पेन में इस साल यह दूसरी बड़ी रेल दुर्घटना है। जनवरी 2026 में दक्षिणी स्पेन के अदामुज के पास दो ट्रेनों की टक्कर में 45 लोगों की मौत हुई थी। उस हादसे के करीब नौ महीने बाद हुई नई दुर्घटना ने स्पेन के हाई-स्पीड रेल नेटवर्क की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। देश में 2013 के रेल हादसे में 80 लोगों की जान गई थी।

Read More
Next Story