
सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला: नांदेड में वारदात, पुलिसकर्मी घायल
पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड में धारदार हथियार से हमला। हमले में एक सुरक्षाकर्मी भी घायल, अस्पताल ले जाया गया।
Sukhbir Singh Badal Attacked: महाराष्ट्र के नांदेड से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता सुखबीर सिंह बादल पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला हुआ है। इस अचानक हुए हमले में सुखबीर सिंह बादल के हाथ में चोट आई है, जबकि बीच-बचाव करने दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया है।
धारदार हथियार से किया गया हमला
शुरुआती जानकारी के अनुसार, नांदेड में एक कार्यक्रम के दौरान एक अज्ञात हमलावर ने अचानक सुखबीर सिंह बादल पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले के वक्त आसपास मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए बचाव की कोशिश की, जिसमें एक पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गया।
घटना के तुरंत बाद पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री को प्राथमिक उपचार दिया गया और उन्हें इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने की तैयारी की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस और प्रशासनिक अमला
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्च प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। हमलावर की पहचान करने और उसे तुरंत हिरासत में लेने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

