
टोरंटो स्ट्रीट फेस्टिवल में फायरिंग, दो की मौत, तीन घायल
कनाडा के टोरंटो में स्ट्रीट फेस्टिवल के पास हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत और तीन घायल हो गए। पुलिस ने इलाके को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।
कनाडा के टोरंटो शहर में शनिवार को एक स्ट्रीट फेस्टिवल के पास हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने शुरुआत में लोगों को सक्रिय हमलावर (एक्टिव शूटर) की चेतावनी देते हुए क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी।
टोरंटो पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की यह घटना सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट और आर्लिंगटन एवेन्यू के पास हुई, जहां उस समय 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' स्ट्रीट फेस्टिवल चल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां पांच लोग गोली लगने से घायल मिले।पुलिस ने शुरुआती जांच के दौरान लोगों से घटना स्थल के आसपास न आने की अपील की थी। हालांकि, कुछ समय बाद अधिकारियों ने बताया कि इलाके को सुरक्षित कर लिया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है।
फिलहाल पुलिस ने किसी संदिग्ध की पहचान या गिरफ्तारी के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है। घटना की जांच जारी है और इलाके में अब भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' टोरंटो में आयोजित होने वाला एक लोकप्रिय लैटिनो सांस्कृतिक उत्सव है, जिसमें हर साल बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक शामिल होते हैं। इस घटना के बाद उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

