ईरान पर फिर बड़े हमले की तैयारी? ट्रंप ने खाड़ी देशों को किया अलर्ट, मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव!
x

ईरान पर फिर बड़े हमले की तैयारी? ट्रंप ने खाड़ी देशों को किया अलर्ट, मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव!

अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद सैन्य कार्रवाई की आशंका के बीच फारस की खाड़ी में बढ़ी हलचल, तेल प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर चिंता।


मध्य पूर्व में एक बार फिर बड़े युद्ध का खतरा मंडरा रहा है। अमेरिका ने अपने खाड़ी सहयोगियों को ईरान पर संभावित नए सैन्य हमलों और जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा है। समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों ने कई सहयोगी देशों को चेतावनी दी है कि 3 नवंबर को अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के बाद ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू हो सकती है। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अभी अंतिम फैसला नहीं लिया है।

तेल ठिकानों पर हमले का खतरा
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सैन्य अभियान कई दिनों तक चल सकता है। लेकिन ईरान और उसके सहयोगी सशस्त्र संगठनों की जवाबी कार्रवाई से संघर्ष लंबा खिंचने की आशंका है।

अमेरिका ने सहयोगी देशों को तेल और गैस प्रतिष्ठानों समेत महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा बढ़ाने की सलाह दी है। इस चेतावनी की जानकारी मामले से जुड़े दो राजनयिकों ने दी है। व्हाइट हाउस ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।

फारस की खाड़ी में अमेरिकी सैन्य तैनाती
अमेरिका ने सितंबर की शुरुआत से ईरान पर कोई नया हमला नहीं किया है। हालांकि, क्षेत्र में उसकी सैन्य मौजूदगी बढ़ी है। पेंटागन ने विमानवाहक पोत यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट और करीब 9 हजार सैनिकों के साथ अतिरिक्त युद्धपोत फारस की खाड़ी भेजे हैं। इस तैनाती से क्षेत्र में अमेरिकी नौसैनिकों और मरीन की संख्या 20 हजार से अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई थी।

ईरान बातचीत को तैयार
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि तेहरान कूटनीतिक समाधान के प्रयास जारी रखे हुए है। ईरान पिछले महीने पेश किए गए अपने युद्धविराम प्रस्ताव को बातचीत का आधार बनाना चाहता है। ट्रंप उस प्रस्ताव को पहले खारिज कर चुके हैं। संयुक्त अरब अमीरात ने भी सभी पक्षों से संयम बरतने और राजनीतिक समाधान तलाशने की अपील की है।

आठ महीने से जारी संघर्ष
फरवरी के आखिर में शुरू हुआ ईरान युद्ध अब आठ महीने पुराना हो चुका है। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के तेल प्रतिष्ठानों और हवाई अड्डों पर हमले किए हैं। जवाब में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में हूती ठिकानों पर कार्रवाई की है। युद्ध से वैश्विक ऊर्जा कीमतें बढ़ी हैं। पेंटागन के मुताबिक, अमेरिकी करदाताओं पर अब तक 47.1 अरब डॉलर का खर्च आ चुका है। ट्रंप एक तरफ युद्ध जल्द खत्म करने का दावा कर रहे हैं, दूसरी तरफ नए हमलों की चेतावनी दे रहे हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल है—3 नवंबर के चुनाव के बाद अमेरिका बातचीत का रास्ता चुनेगा या ईरान पर फिर बमबारी शुरू होगी?

Read More
Next Story