
ट्विशा शर्मा केस में CBI का बड़ा एक्शन, पति और सास के खिलाफ 636 पन्नों की चार्जशीट
ट्विशा शर्मा 33 साल की थीं। उनकी शादी 9 दिसंबर 2025 को वकील समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई 2026 को भोपाल स्थित ससुराल में वह मृत मिली थीं।
मध्य प्रदेश के भोपाल में पूर्व मॉडल-एक्टर ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई ने उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। जांच एजेंसी ने यह चार्जशीट भोपाल की विशेष CBI अदालत में पेश की है। इसमें भारतीय न्याय संहिता यानी BNS और दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
ट्विशा शर्मा 33 साल की थीं। उनकी शादी 9 दिसंबर 2025 को वकील समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई 2026 को भोपाल स्थित ससुराल में वह मृत मिली थीं। FIR के मुताबिक, समर्थ ने दावा किया था कि ट्विशा ने रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर घर में फांसी लगा ली थी। इसके बाद वह उन्हें AIIMS भोपाल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मेडिको-लीगल केस दर्ज किया था।
ट्विशा के परिवार ने लगाए थे गंभीर आरोप
ट्विशा के परिवार ने उनकी मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। परिवार ने पति और सास पर मानसिक प्रताड़ना, शारीरिक हिंसा और दहेज के लिए प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। इसके बाद मामले की जांच पहले स्थानीय पुलिस ने की और बाद में CBI को सौंप दी गई। CBI ने 25 मई से जांच शुरू की थी।
मामले में पोस्टमार्टम को लेकर भी विवाद हुआ था। ट्विशा के परिवार की ओर से पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाए जाने के बाद मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। 24 मई को भोपाल में AIIMS दिल्ली की चार सदस्यीय मेडिकल टीम ने दूसरा पोस्टमार्टम किया था।
636 पन्नों की चार्जशीट
अब CBI ने अपनी जांच के बाद पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाते हुए 636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। दोनों के खिलाफ दहेज से जुड़ी मौत, क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने समेत BNS की संबंधित धाराओं तथा दहेज निषेध अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं।
समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को CBI ने जांच के दौरान गिरफ्तार किया था और दोनों 2 जून से भोपाल सेंट्रल जेल में बंद हैं। अब चार्जशीट दाखिल होने के बाद मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया अदालत में चलेगी।

