कश्मीर में फिर आतंक का वार, 10 दिन में दूसरा बड़ा हमला; दो प्रवासी मजदूरों की मौत
x

कश्मीर में फिर आतंक का वार, 10 दिन में दूसरा बड़ा हमला; दो प्रवासी मजदूरों की मौत

कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।


दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार शाम आतंकवादियों ने छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाकर गोली मार दी। हमले में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे मजदूर ने शनिवार को अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा बलों ने आतंकियों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

10 दिनों में दूसरा बड़ा आतंकी हमला

दक्षिण कश्मीर में पिछले 10 दिनों के भीतर यह दूसरा बड़ा आतंकी हमला है। इससे पहले 22 जुलाई को अनंतनाग जिले में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक जवान की आतंकवादी ने नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी थी। अब कुलगाम में प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

दो साल बाद प्रवासी मजदूर बने निशाना

कश्मीर में बाहरी मजदूरों पर करीब दो वर्षों बाद यह पहला आतंकी हमला है। इससे पहले 18 अक्टूबर 2024 को बिहार के बांका जिले के रहने वाले अशोक चौहान की शोपियां जिले के वाची इलाके में आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

एलजी मनोज सिन्हा ने दिए कड़े निर्देश

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात और अन्य वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने सुरक्षा बलों को आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज करने और दोषियों को जल्द से जल्द मार गिराने के निर्देश दिए।एलजी सिन्हा ने कहा कि यह कायरतापूर्ण हमला है और पीड़ित परिवारों के साथ पूरा देश खड़ा है। उन्होंने घायल मजदूर के इलाज के लिए तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए थे, हालांकि बाद में उसकी भी मौत हो गई।

महबूबा मुफ्ती ने की निंदा

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने भी घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि ये मजदूर अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए घर से दूर मेहनत करने आए थे। ऐसे निर्दोष लोगों को हिंसा का निशाना बनाना बेहद अमानवीय और क्रूर है।

Read More
Next Story