
यूपी MLC चुनाव: BJP की चार सीटों पर जीत, सपा ने भी दिखाया दम, आगरा से गोरखपुर तक हंगामा!
यूपी MLC चुनाव में बीजेपी ने 11 में से तीन सीटें जीतीं, जबकि अखिलेश यादव ने आगरा में सपा प्रत्याशी से मारपीट और मतगणना में धांधली के गंभीर आरोप लगाए।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। 11 सीटों में से बीजेपी ने चार और समाजवादी पार्टी ने दो सीटें जीत ली हैं। बाकी सीटों पर मतगणना जारी है। वहीं आगरा और गोरखपुर में मतगणना को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी ने चुनाव में धांधली और प्रशासन पर बीजेपी का पक्ष लेने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बरेली और मेरठ में बीजेपी की जीत
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर बीजेपी के हरि सिंह ढिल्लों ने सपा के दानिश अख्तर को 17,676 वोटों से हराया। ढिल्लों को 21,672 और दानिश अख्तर को 3,996 वोट मिले।
मेरठ की शिक्षक और स्नातक, दोनों सीटों पर बीजेपी जीती। शिक्षक सीट पर श्रीचंद शर्मा और स्नातक सीट पर दिनेश कुमार गोयल विजयी रहे। लखनऊ शिक्षक सीट पर बीजेपी के उमेश द्विवेदी ने सपा के सुशील कुमार को 6,992 वोटों से हराया।
आगरा में सपा प्रत्याशी से मारपीट का आरोप
आगरा में सपा के डॉ. आकाश अग्रवाल ने बीजेपी प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को हराया। हालांकि मंगलवार रात मतगणना को लेकर बीजेपी और सपा कार्यकर्ताओं में झड़प हुई।
आकाश अग्रवाल ने बीजेपी समर्थकों पर मारपीट और कुर्ता फाड़ने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने फटे कुर्ते में उनका वीडियो साझा कर चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग की। बुधवार को आकाश अग्रवाल को जीत का प्रमाणपत्र सौंप दिया गया।
गोरखपुर में मतगणना का बहिष्कार
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर भी विवाद हुआ। एक बूथ की मतपेटी में आधिकारिक रिकॉर्ड से 52 वोट ज्यादा मिलने पर प्रत्याशियों ने सवाल उठाए। सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी और निर्दलीय राजीव यादव ने मतगणना का बहिष्कार किया।
अंतिम दौर के बाद बीजेपी के ध्रुव कुमार त्रिपाठी को 11,881, राजीव यादव को 11,415 और संजयन त्रिपाठी को 8,301 वोट मिले। प्रत्याशियों ने प्रशासन पर बीजेपी के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। हालांकि प्रशासन ने मतगणना नियमानुसार होने की बात कही।
वाराणसी में सपा की जीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत बरकरार रखी। इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर भी सपा के मान सिंह यादव बड़ी बढ़त बनाए हुए थे।
2027 से पहले सियासी परीक्षा
यूपी विधान परिषद की 11 सीटों में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान हुआ था। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इन नतीजों को बीजेपी और सपा की राजनीतिक ताकत की परीक्षा माना जा रहा है। लेकिन चुनावी नतीजों के साथ मतगणना की निष्पक्षता पर उठे सवालों ने विवाद भी बढ़ा दिया है।

