x

# UP KI BAAT | 2027 की चुनावी बिसात: BJP का PDA काउंटर, योगी-अखिलेश में जुबानी जंग, ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन

2027 के यूपी चुनाव से पहले बीजेपी PDA का मुकाबला करने के लिए जातीय समीकरण साध रही है, योगी-अखिलेश की जुबानी जंग तेज है और ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी नए दलित-मुस्लिम सियासी मोर्चे की संभावनाएं तलाश रही है।


उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव भले ही 2027 में होने हैं, लेकिन सियासी बिसात अभी से बिछने लगी है। सत्ता की इस लड़ाई में अब सिर्फ राजनीतिक दलों और नेताओं के चेहरे ही नहीं, बल्कि जातीय समीकरण, सामाजिक गठजोड़ और उम्मीदवारों की पहचान भी बेहद अहम होने जा रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले से मिली चुनौती के बाद बीजेपी अब नए सिरे से अपनी रणनीति तैयार कर रही है। पार्टी की नजर उन सीटों पर है, जहां सपा का पारंपरिक प्रभाव रहा है। दूसरी तरफ संगठन में पिछड़े वर्गों को प्रतिनिधित्व देने से लेकर बूथ स्तर पर जातीय समीकरण साधने तक की कवायद तेज हो गई है।

इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है। उत्तराखंड के लोगों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सियासी बयानबाजी और धार्मिक प्रतीकों तक पहुंच गया है। वहीं, असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन ने प्रदेश की राजनीति में एक नए राजनीतिक विकल्प की चर्चा शुरू कर दी है।

सवाल यह है कि क्या बीजेपी, सपा के PDA का मुकाबला करने के लिए नया सामाजिक समीकरण तैयार कर रही है? क्या ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी मुस्लिम-दलित राजनीति को नया मंच दे पाएगी? और क्या 2027 का चुनाव बीजेपी और सपा के बीच सीधी लड़ाई से आगे बढ़कर कई राजनीतिक ध्रुवों का मुकाबला बन सकता है?

आगे बढ़ने से पहले आपसे एक गुजारिश है। अगर आपको यह वीडियो पंसद आता है तो इसे लाइक और शेयर जरूर करें। साथ ही, चैनल को सब्सक्राइब करके हमारा हौसला बढ़ाएं। आपका सहयोग हमारे लिए बहुत मायने रखता है।..


1.

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने उम्मीदवारों के चयन की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी की विशेष नजर उन 91 विधानसभा सीटों पर है, जिन्हें समाजवादी पार्टी का मजबूत इलाका माना जाता है। इन सीटों पर मुस्लिम और यादव मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है। ये सीटें मुख्य रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश, रुहेलखंड और मध्य तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में फैली हुई हैं।

दिलचस्प बात यह है कि बीजेपी इन सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा में जल्दबाजी नहीं करना चाहती। पार्टी यहां वेट एंड वॉच की रणनीति अपना रही है। यानी पहले समाजवादी पार्टी अपने उम्मीदवार घोषित करे और उसके बाद बीजेपी अपने प्रत्याशियों के नाम तय करे।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी इन सीटों पर सपा उम्मीदवारों की जाति, स्थानीय प्रभाव, राजनीतिक पकड़ और क्षेत्र में उनकी स्वीकार्यता का आकलन करेगी। इसके बाद ऐसे प्रत्याशी उतारने की कोशिश होगी, जो सपा के सामाजिक समीकरण को चुनौती दे सकें।

बीजेपी ये तीन फॉर्मूले अपना सकती है-

पहला फॉर्मूला जातीय संतुलन का है। अगर समाजवादी पार्टी किसी सीट पर यादव या मुस्लिम उम्मीदवार उतारती है, तो बीजेपी वहां कुर्मी, मौर्य, शाक्य, सैनी, निषाद या पाल जैसे गैर-यादव ओबीसी समुदायों से उम्मीदवार उतार सकती है। जरूरत पड़ने पर पार्टी किसी मजबूत सवर्ण चेहरे पर भी दांव लगा सकती है।

दूसरा फॉर्मूला इसके ठीक उलट है। अगर सपा किसी सीट पर गैर-यादव पिछड़े वर्ग के उम्मीदवार को टिकट देती है, तो बीजेपी वहां यादव प्रत्याशी को मैदान में उतारने पर विचार कर सकती है। इसका मकसद सपा के उम्मीदवार के पक्ष में बनने वाले सामाजिक समर्थन को संतुलित करना होगा।

तीसरा फॉर्मूला सपा के भीतर संभावित असंतोष से जुड़ा है। अगर टिकट बंटवारे में किसी प्रभावशाली नेता का टिकट कटता है और वह बागी रुख अपनाता है, तो बीजेपी उसे अपने पाले में लाने की कोशिश कर सकती है।

**इस रणनीति का राजनीतिक मतलब क्या है?**

दरअसल, बीजेपी के सामने चुनौती सिर्फ सपा को उसके मजबूत इलाकों में हराने की नहीं, बल्कि उस सामाजिक गठजोड़ को कमजोर करने की भी है, जिसे अखिलेश यादव PDA के नाम से एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं।

PDA का आधार पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग हैं। बीजेपी की रणनीति इन वर्गों को एक राजनीतिक समूह के रूप में एकजुट होने से रोकने और अलग-अलग समुदायों के बीच अपने लिए समर्थन बढ़ाने की दिखाई देती है।

हालांकि, यहां एक अहम बात यह भी है कि जातीय पहचान हमेशा वोट में तब्दील नहीं होती। उम्मीदवार की व्यक्तिगत छवि, स्थानीय संगठन, विकास के मुद्दे और सरकार के प्रति मतदाताओं की धारणा भी चुनावी नतीजों को प्रभावित करती है।

इसलिए बीजेपी के लिए असली परीक्षा यह होगी कि क्या वह जातीय गणित को जमीनी समर्थन में बदल पाती है। वहीं सपा के सामने चुनौती अपने PDA गठजोड़ को बनाए रखने और टिकट वितरण में सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देने की होगी।

--------------

2.

2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के नतीजों ने बीजेपी को यह एहसास कराया कि सिर्फ अपने पारंपरिक सामाजिक आधार के भरोसे चुनावी मुकाबले को आसान नहीं बनाया जा सकता। समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले ने पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के बीच राजनीतिक गोलबंदी का प्रयास किया और इसका असर चुनावी नतीजों में भी दिखाई दिया।

अब बीजेपी इस सामाजिक समीकरण का जवाब संगठनात्मक स्तर पर देने की तैयारी कर रही है। खास तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी पिछड़े वर्गों और क्षेत्रीय प्रभाव रखने वाले जातीय समूहों को संगठन में अधिक प्रतिनिधित्व देने पर जोर दे रही है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई अहम पदों पर ओबीसी समुदायों के नेताओं को जिम्मेदारी दी है।

गुर्जर समाज से नवाब सिंह नागर को पश्चिम क्षेत्र का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि महामेधा नागर को प्रदेश कार्यकारिणी में जगह दी गई है। पाल समाज से प्रकाश पाल को प्रदेश पिछड़ा वर्ग मोर्चा की कमान सौंपी गई है।

वहीं जाट मतदाताओं के बीच संगठन को मजबूत करने के लिए मेरठ के देवेंद्र सिंह को किसान मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष, शामली के एमएलसी मोहित बेनीवाल को प्रदेश उपाध्यक्ष और मथुरा के विधायक राजेश चौधरी को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है।

पार्टी की रणनीति सिर्फ बड़े नेताओं को पद देने तक सीमित नहीं है। बूथ स्तर पर भी सैनी, पाल, प्रजापति और कश्यप समाज के कार्यकर्ताओं को पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी देने पर जोर दिया जा रहा है।

इन कार्यकर्ताओं के जरिए घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार किया जाएगा। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि और मुफ्त राशन जैसी योजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा, 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में जिन सीटों पर बीजेपी को हार मिली थी या जीत का अंतर कम रहा था, उन्हें पार्टी ने प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में रखा है। इन इलाकों में ओबीसी नेताओं की रैलियां, जनसभाएं और चौपालें आयोजित करने की योजना है।

**पश्चिमी यूपी पर इतना जोर क्यों?**

पश्चिमी उत्तर प्रदेश का चुनावी गणित काफी जटिल है। यहां जाट, गुर्जर, मुस्लिम, दलित और अलग-अलग ओबीसी समुदायों की राजनीतिक भूमिका महत्वपूर्ण है। किसान आंदोलन के बाद इस क्षेत्र में बीजेपी के सामने सामाजिक समीकरणों को फिर से साधने की चुनौती भी रही है।

बीजेपी के लिए राष्ट्रीय लोकदल के साथ गठबंधन भी इस रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। जाट मतदाताओं के बीच रालोद का प्रभाव और बीजेपी का संगठनात्मक नेटवर्क मिलकर पश्चिमी यूपी में एक व्यापक सामाजिक आधार बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

लेकिन केवल नेताओं को पद देने से किसी समुदाय का समर्थन सुनिश्चित नहीं होता। उस समुदाय के स्थानीय मुद्दे, राजनीतिक भागीदारी, रोजगार, किसानों की समस्याएं और उम्मीदवारों का चयन भी महत्वपूर्ण होंगे।

यहां बीजेपी की रणनीति के दो पहलू दिखाई देते हैं। पहला, संगठन में सामाजिक प्रतिनिधित्व बढ़ाना और दूसरा, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को पार्टी के साथ राजनीतिक रूप से जोड़ना।

यानी पार्टी 2027 के चुनाव को केवल बड़े नेताओं की रैलियों के जरिए नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर सामाजिक और संगठनात्मक समीकरणों के जरिए लड़ने की तैयारी कर रही है।

---

3.

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच राजनीतिक टकराव तेज होता दिखाई दे रहा है। अब दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी का मुद्दा उत्तराखंड के लोगों को लेकर दिए गए बयान से जुड़ गया है।

दरअसल, लखनऊ में पंडित गोविंद बल्लभ पंत उपवन में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव 2026 के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा।

योगी ने कहा कि पिछले दिनों एक व्यक्ति उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कह रहा था, जबकि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत खुद उत्तराखंड से थे।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो अखिलेश यादव सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते।


योगी के इस बयान पर अखिलेश यादव ने भी पलटवार किया। उन्होंने मुख्यमंत्री पर गोपालकों और ग्वालों के लिए अपमानजनक भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

अखिलेश ने कहा कि गोपालकों के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल भगवान श्रीकृष्ण का अपमान है और इसे माफ नहीं किया जा सकता।

सपा प्रमुख ने अयोध्या में मंदिर के चढ़ावे और दान की चोरी के मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले इस मामले में एक बड़े गिरोह को क्लीन चिट दी गई और अब भगवान कृष्ण के संदर्भ में अपमानजनक टिप्पणी की जा रही है।

अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने की कोशिश में बीजेपी के नेता भाषाई मर्यादा की सीमाएं भूल रहे हैं। उनके मुताबिक, हार सामने देखकर बड़े-बड़े लोग विचलित हो जाते हैं और शाब्दिक अराजकता पर उतर आते हैं।

इस बयानबाजी के पीछे की सियासत
इस पूरे विवाद को केवल दो नेताओं के बीच व्यक्तिगत बयानबाजी के तौर पर देखना पर्याप्त नहीं होगा। इसके पीछे उत्तर प्रदेश की पहचान, क्षेत्रीय अस्मिता, धार्मिक प्रतीकों और सामाजिक प्रतिनिधित्व की राजनीति भी जुड़ी हुई है।

योगी आदित्यनाथ ने अपने बयान में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक रिश्तों का हवाला दिया। पंडित गोविंद बल्लभ पंत का उदाहरण देकर उन्होंने उत्तराखंड के लोगों के योगदान को रेखांकित किया। वहीं अखिलेश यादव ने इस बयान को गोपालक समुदाय और भगवान श्रीकृष्ण के सम्मान से जोड़ दिया।

यहां गौर करने वाली बात है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ब्रज क्षेत्र में गोपालक समुदायों, किसानों और भगवान कृष्ण से जुड़े सांस्कृतिक प्रतीकों का सामाजिक महत्व है। ऐसे में दोनों नेताओं के बयान केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि अलग-अलग सामाजिक समूहों और मतदाताओं तक पहुंचने का माध्यम भी बन सकते हैं।

हालांकि, इस विवाद का चुनाव पर कितना असर पड़ेगा, यह अभी कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन इतना साफ है कि 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी और सपा के बीच राजनीतिक नैरेटिव की लड़ाई तेज हो रही है।

--------

4.

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए हाथ मिला लिया है।दोनों दलों का मकसद दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक साझा राजनीतिक मंच पर लाना है। 12 नवंबर को लखनऊ में दोनों नेताओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए गठबंधन का ऐलान किया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों दल प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से करीब 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की लगभग 70 सीटों पर विशेष ध्यान देने की बात सामने आई है। हालांकि, सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के नामों को लेकर अंतिम तस्वीर सामने आना बाकी है।

**गठबंधन का राजनीतिक आधार क्या है?**

इस गठबंधन में दो अलग-अलग राजनीतिक आधार वाले नेता एक साथ आए हैं। ओवैसी की AIMIM मुस्लिम समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को अपना प्रमुख मुद्दा बनाती रही है। दूसरी तरफ चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी दलित राजनीति और खासकर युवा दलित मतदाताओं के बीच अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है।

दोनों पार्टियां अब इन सामाजिक समूहों को एक साझा राजनीतिक विकल्प देने की कोशिश करेंगी।

इस गठबंधन का पहला संभावित असर समाजवादी पार्टी के मुस्लिम वोट बैंक पर पड़ सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रुहेलखंड की कई सीटों पर मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी-खासी मौजूदगी है। अगर AIMIM वहां मजबूत उम्मीदवार उतारती है, तो सपा के सामने मुस्लिम वोटों के बंटवारे की चुनौती खड़ी हो सकती है।

दूसरी तरफ आजाद समाज पार्टी की नजर दलित मतदाताओं पर होगी। खासकर जाटव और युवा दलित मतदाताओं के बीच चंद्रशेखर अपनी राजनीतिक पकड़ बढ़ाने की कोशिश कर सकते हैं। इसका असर बहुजन समाज पार्टी के पारंपरिक आधार पर भी पड़ सकता है।

कांग्रेस के लिए भी यह गठबंधन एक नई चुनौती हो सकता है, क्योंकि विपक्षी राजनीति में मुस्लिम और दलित मतदाताओं के बीच समर्थन बढ़ाने की कोशिश कई दल कर रहे हैं।

बीजेपी के लिए क्या बदल सकता है?

इस गठबंधन का असर बीजेपी के लिए भी सीट-दर-सीट अलग-अलग हो सकता है।

अगर विपक्षी दलों के बीच वोटों का बंटवारा होता है, तो कुछ सीटों पर बीजेपी को अप्रत्यक्ष लाभ मिल सकता है। लेकिन यह मान लेना भी सही नहीं होगा कि ओवैसी और चंद्रशेखर का गठबंधन सीधे बीजेपी के लिए फायदेमंद साबित होगा।

अगर यह गठबंधन कुछ ऐसे मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने में सफल रहता है, जो पहले मतदान से दूर रहते थे या अलग-अलग दलों को वोट देते थे, तो इसका असर मौजूदा राजनीतिक समीकरणों पर अलग तरीके से भी पड़ सकता है।

इसके अलावा, इस गठबंधन की सफलता केवल दलित और मुस्लिम मतदाताओं की संख्या पर निर्भर नहीं करेगी। दोनों पार्टियों के संगठन, उम्मीदवारों की स्थानीय पकड़, बूथ स्तर की तैयारी और वोटों के वास्तविक हस्तांतरण की क्षमता भी निर्णायक होगी।

**सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह गठबंधन केवल चुनावी सीटों का समझौता रहेगा या प्रदेश में एक टिकाऊ राजनीतिक विकल्प खड़ा करने की कोशिश करेगा?**

यही सवाल 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस और बीजेपी के लिए भी महत्वपूर्ण होगा।

---

तो उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी अब कई स्तरों पर दिखाई देने लगी है। बीजेपी सपा के PDA समीकरण का जवाब देने के लिए उम्मीदवारों के चयन से लेकर संगठन के बूथ स्तर तक सामाजिक संतुलन साधने में जुटी है। वहीं योगी और अखिलेश के बीच बयानबाजी से राजनीतिक टकराव का नया मोर्चा खुल गया है। दूसरी तरफ ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन प्रदेश की राजनीति में एक नए समीकरण की संभावना लेकर आया है।

लेकिन इन तमाम रणनीतियों के बीच सबसे अहम सवाल यही रहेगा कि जातीय समीकरण और राजनीतिक गठबंधन क्या वास्तव में वोटों में तब्दील हो पाएंगे? क्योंकि उत्तर प्रदेश का चुनाव केवल नेताओं के बयानों या गठबंधनों से तय नहीं होगा। उम्मीदवारों की विश्वसनीयता, स्थानीय मुद्दे, सरकार का कामकाज और मतदाताओं का रुख भी उतना ही महत्वपूर्ण होगा।

2027 की लड़ाई में किसका सामाजिक समीकरण कितना मजबूत साबित होता है, यह आने वाले महीनों में साफ होगा।

आज की 'UP की बात' में फिलहाल इतना ही। कल फिर उत्तर प्रदेश की खबरों के साथ आपसे मुलाकात होगी।

Read More
Next Story