पटना : सड़क हादसे के बाद बवाल, भीड़ ने गाड़ियों में लगाई आग
x

पटना : सड़क हादसे के बाद बवाल, भीड़ ने गाड़ियों में लगाई आग

हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। गुस्से में भरी भीड़ ने बस को घेर लिया और आग लगा दी।


पटना में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद बड़ा बवाल मच गया। गुस्साए लोगों ने एक बस में आग लगा दी और तीन अन्य वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार को पटना सिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर पहाड़ी के पास एक अनियंत्रित बस ने सड़क पार कर रहे 26 वर्षीय युवक मनीष कुमार को कुचल दिया। चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बस ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग निकला, जबकि यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए।

पुलिस को भीड़ ने खदेड़ा
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। गुस्से में भरी भीड़ ने बस को घेर लिया और आग लगा दी। देखते ही देखते बस धधकने लगी। आग बुझाने पहुंची दमकल टीम को लोगों ने खदेड़ दिया। पुलिस जब शुरुआत में मौके पर पहुंची तो भीड़ ने खदेड़ दिया। पुलिसकर्मी अपना पोस्ट छोड़कर भागने को मजबूर हो गए।

मीडिया पर हमला
उग्र भीड़ ने तीन जीप (कथित रूप से पुलिस वाहन) और कई बाइक भी जलाकर राख कर दीं। कुछ बाइक मीडिया कर्मियों की बताई जा रही हैं। कवरेज के लिए पहुंचे पत्रकारों पर जानलेवा हमला हुआ। एक चैनल के पत्रकार की माइक और आईडी छीन ली गई।

हाईवे पर यातायात ठप हो गया और लंबे समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने क्या कहा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एएसपी राज किशोर सिंह ने बताया कि सड़क पार करते समय युवक बस की चपेट में आया। भीड़ में उपद्रवी तत्व घुस गए और उत्पात मचाया। बस व पुलिस गाड़ियों सहित कई वाहन जलाए गए। पुलिस बल के साथ पहुंच गई है और स्थिति नियंत्रण में है।

इस पूरे घटनाक्रम से इलाके में तनाव बढ़ा है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Read More
Next Story