अमेरिका में वोटिंग से पहले ईरान पर हमला! ट्रंप ने क्यों खोला मोर्चा?
x

अमेरिका में वोटिंग से पहले ईरान पर हमला! ट्रंप ने क्यों खोला मोर्चा?

होर्मुज़ जलडमरूमध्य के करीब अमेरिकी सैन्य कार्रवाई ने ईरान के साथ तनाव और वैश्विक तेल आपूर्ति पर खतरे को फिर चर्चा में ला दिया है।


US STRIKES IRAN: अमेरिका में आज यानी 3 नवंबर को मिडटर्म चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। लेकिन मतदान से ठीक पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने ईरान को लेकर एक नया सवाल खड़ा हो गया है। ट्रंप ने पहले कहा था कि अमेरिका मिडटर्म चुनाव से पहले ईरान पर हमला नहीं करेगा। इसके बावजूद अमेरिका ने सोमवार को ईरान के क़ेशम द्वीप पर सीमित सैन्य हमले किए।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों ने इन हमलों को रक्षात्मक कार्रवाई बताया है। दावा है कि ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर यानी IRGC ने अमेरिकी विमान को निशाना बनाकर मिसाइल दागी थी। इसके जवाब में अमेरिकी लड़ाकू विमान ने ईरान के सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली के लॉन्चर को नष्ट कर दिया। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

कहां है क़ेशम द्वीप?
क़ेशम ईरान का सबसे बड़ा द्वीप है। यह फ़ारस की खाड़ी में, होर्मुज़ जलडमरूमध्य के उत्तरी हिस्से में ईरान के दक्षिणी तट के पास स्थित है। बंदर अब्बास बंदरगाह भी इसके करीब है। क़ेशम की रणनीतिक अहमियत इसकी भौगोलिक स्थिति में है। यह होर्मुज़ जलडमरूमध्य के मुहाने के पास है, जहां से दुनिया की समुद्री रास्तों से होने वाली तेल आपूर्ति का करीब पांचवां हिस्सा गुजरता है। यह द्वीप ईरान को इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर निगरानी और अपनी सैन्य मौजूदगी बनाए रखने में मदद करता है। यहां नौसैनिक ठिकाने और भूमिगत मिसाइल सुविधाएं भी मौजूद हैं।

हमले के क्या मायने?
अमेरिका की यह कार्रवाई ऐसे वक्त हुई है, जब ट्रंप मिडटर्म चुनाव से पहले ईरान के साथ संभावित समझौते की बात भी कर रहे हैं। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी बातचीत में प्रगति की उम्मीद जताई है। ऐसे में मतदान से ठीक पहले हुआ हमला अमेरिकी प्रशासन की कूटनीतिक कोशिशों और सैन्य रणनीति के बीच विरोधाभास को सामने लाता है।

इस कार्रवाई का एक और पहलू होर्मुज़ जलडमरूमध्य है। यहां तनाव बढ़ने का सीधा असर वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय बाजार पर पड़ सकता है। ट्रंप के सामने चुनौती ईरान पर सैन्य दबाव बनाए रखने के साथ युद्ध को और फैलने से रोकने की भी है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम का राजनीतिक असर अमेरिकी मतदाताओं के बीच भी चर्चा का विषय बन सकता है।

Read More
Next Story