अमेरिका में मास शूटिंग: इडाहो के रेस्टोरेंट में फायरिंग, हमलावर समेत कई ढेर
x

अमेरिका में मास शूटिंग: इडाहो के रेस्टोरेंट में फायरिंग, हमलावर समेत कई ढेर

अमेरिका के इडाहो स्थित इन-एन-आउट बर्गर रेस्टोरेंट में भीषण गोलीबारी। हमलावर समेत कई लोगों की मौत, 5 घायल। जानिए पुलिस चीफ मैथ्यू हिक्स ने क्या कहा।


Mass Shooting in America: अमेरिका के दक्षिणी इडाहो स्थित ट्विन फॉल्स शहर में शनिवार दोपहर एक बर्बर गोलीबारी की घटना सामने आई है। एक व्यस्त शॉपिंग इलाके में बने मशहूर 'इन-एन-आउट बर्गर' (In-N-Out Burger) रेस्टोरेंट के अंदर बंदूकधारी ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में हमलावर समेत कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कम से कम 5 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं ने पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस ने पुष्टि की है कि हमलावर मारा जा चुका है और अब स्थानीय लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है।

ट्विन फॉल्स शहर में 'इन-एन-आउट' बर्गर चेन का यह नया आउटलेट महज़ एक हफ़्ते पहले ही खुला था और बहुत कम समय में स्थानीय लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हो गया था। शनिवार दोपहर करीब 4 बजे, जब रेस्टोरेंट में ग्राहकों की भारी भीड़ थी, तभी अचानक गोलियों की आवाज़ से पूरा इलाका थर्रा उठा।

अराजक दृश्य: ट्विन फॉल्स पुलिस चीफ मैथ्यू हिक्स ने मीडिया को बताया, "यह बेहद अराजक और खौफनाक दृश्य था। हम अभी पीड़ितों के परिजनों को सूचित कर रहे हैं। हालांकि, हमलावर के मारे जाने के बाद अब समुदाय के लिए कोई खतरा नहीं है।"

शेल्टर-इन-प्लेस हटा: शहर के पब्लिक इन्फॉर्मेशन ऑफिसर जोश पामर ने स्पष्ट किया कि स्थिति नियंत्रण में आने के बाद सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने (Shelter-in-Place) के आदेश वापस ले लिए गए हैं।

ट्विन फॉल्स काउंटी के कमिश्नर ब्रेंट रेइन्के के अनुसार, प्राथमिक रिपोर्ट में कम से कम 5 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।

घायलों को नजदीकी सेंट ल्यूक मैजिक वैली मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के प्रवक्ता टेलर मार्शनर ने बताया कि मेडिकल टीम पुलिस और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों के साथ मिलकर स्थिति को संभालने में जुटी हुई है।

56 हजार की आबादी वाला शांत शहर सहमा
ट्विन फॉल्स बोइसी से लगभग 205 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और नेवादा सीमा से 120 किलोमीटर उत्तर में स्थित करीब 56,000 की आबादी वाला एक बेहद शांत शहर माना जाता है। वीकेंड के दिन इस तरह की मास शूटिंग की घटना से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने फिलहाल लोगों को शॉपिंग एरिया की तरफ न जाने की सलाह दी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।


Read More
Next Story