ईरान ने बंद किया होर्मुज जलडमरूमध्य, अमेरिका ने शुरू किया सैन्य अभियान
x

ईरान ने बंद किया होर्मुज जलडमरूमध्य, अमेरिका ने शुरू किया सैन्य अभियान

ईरान ने अमेरिकी हस्तक्षेप का हवाला देते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने का ऐलान किया। जवाब में अमेरिका ने सैन्य हमला शुरू कर तनाव और बढ़ा दिया।


पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नेवी ने घोषणा की है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। IRGC का कहना है कि जब तक क्षेत्र में अमेरिकी हस्तक्षेप बंद नहीं होता, तब तक किसी भी जहाज को इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जहाज पर चेतावनी फायरिंग के बाद लिया फैसला

ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार, यह फैसला एक ऐसे जहाज पर चेतावनी स्वरूप फायरिंग किए जाने के बाद लिया गया, जिसके बारे में IRGC का दावा है कि वह बिना अनुमति निर्धारित मार्ग के बजाय दूसरे रास्ते से जलडमरूमध्य पार करने की कोशिश कर रहा था।IRGC ने अपने बयान में कहा कि उसकी नौसेना अब किसी भी जहाज को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति नहीं देगी, जब तक कि इलाके में अमेरिकी दखलंदाजी समाप्त नहीं हो जाती। संगठन ने यह भी चेतावनी दी कि यदि उसके इस फैसले का इस्तेमाल किसी सैन्य कार्रवाई के बहाने के रूप में किया गया, तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा।

अमेरिका ने शुरू किया हमला

IRGC की घोषणा के तुरंत बाद अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ नए सैन्य हमले शुरू कर दिए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि यह कार्रवाई ईरान की हालिया गतिविधियों और एक व्यावसायिक जहाज पर हुए हमले के जवाब में की जा रही है।CENTCOM ने कहा कि अभियान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर चलाया जा रहा है। बयान के मुताबिक, पहले भी व्यावसायिक जहाजों पर हमलों के बाद ईरान को समझौते (MoU) का पालन करने का अवसर दिया गया था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया।

कंटेनर जहाज पर हमले का आरोप

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में आरोप लगाया कि ईरान ने साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज M/V Galaxy पर हमला किया। यह जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था।अमेरिकी सेना के अनुसार, हमले में जहाज के इंजन रूम को गंभीर नुकसान पहुंचा, उसमें आग लग गई और चालक दल का एक सदस्य लापता है। नुकसान के कारण जहाज अपनी यात्रा जारी रखने में असमर्थ हो गया।

अमेरिकी कार्रवाई का उद्देश्य

CENTCOM ने कहा कि मौजूदा सैन्य कार्रवाई का उद्देश्य ईरान की उस क्षमता को कमजोर करना है, जिसके जरिए वह होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले नागरिक नाविकों और व्यावसायिक जहाजों पर हमला करता है। अमेरिकी सेना का कहना है कि इस अभियान का मकसद अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और वैश्विक व्यापारिक जहाजों की निर्बाध आवाजाही बनाए रखना है।

Read More
Next Story