
क्या दूसरे टी20 में होगा वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू? इंस्टा पोस्ट वायरल
वैभव सूर्यवंशी की 'New Chapter' इंस्टाग्राम स्टोरी से उनके टीम इंडिया डेब्यू और नए बैट स्पॉन्सर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के टीम इंडिया में डेब्यू का इंतजार लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार को मैनचेस्टर में खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले से पहले भी सबसे ज्यादा नजरें इसी युवा बल्लेबाज पर टिकी हैं. इसी बीच वैभव की एक इंस्टाग्राम स्टोरी ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है.
इंस्टाग्राम स्टोरी से बढ़ी अटकलें
शुक्रवार रात वैभव सूर्यवंशी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह बल्ला उठाकर जश्न मनाते नजर आ रहे हैं. तस्वीर पर उन्होंने केवल दो शब्द लिखे—"New Chapter". यही दो शब्द अब फैन्स के बीच चर्चा का केंद्र बन गए हैं.इस पोस्ट के सामने आने का समय भी खास माना जा रहा है, क्योंकि इससे कुछ घंटे पहले ही टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मॉर्कल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसा बयान दिया था, जिसने वैभव के दूसरे टी20 में डेब्यू की संभावनाओं पर सवाल खड़े कर दिए.
मोर्ने मॉर्कल ने क्या कहा?
मैनचेस्टर में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मॉर्कल ने स्पष्ट किया कि संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जगह जल्दबाजी में किसी नए खिलाड़ी को मौका नहीं दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि टी20 विश्व कप जिताने वाले खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है.इस बयान के बाद माना जाने लगा कि दूसरे टी20 में भी वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू के लिए इंतजार करना पड़ सकता है. हालांकि, इसके कुछ ही घंटों बाद उनकी "New Chapter" वाली पोस्ट ने पूरे मामले को फिर से रहस्यमय बना दिया.
क्या डेब्यू का संकेत है?
सोशल मीडिया पर कई फैन्स इस पोस्ट को वैभव के संभावित अंतरराष्ट्रीय डेब्यू से जोड़कर देख रहे हैं. उनका मानना है कि "New Chapter" टीम इंडिया के साथ उनके नए सफर की शुरुआत का संकेत हो सकता है.हालांकि, इस दावे की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसे केवल अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है या फिर नए स्पॉन्सरशिप करार का इशारा?इस पोस्ट को लेकर एक दूसरा नजरिया भी सामने आ रहा है. पिछले कुछ दिनों से वैभव के बैट स्पॉन्सर को लेकर चर्चाएं चल रही हैं.
शुक्रवार को सामने आई एक तस्वीर में वैभव जिस बल्ले के साथ नजर आए, उस पर Hero का स्टिकर लगा हुआ था. इससे पहले वह SS ब्रांड के बल्ले का इस्तेमाल करते रहे हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि "New Chapter" किसी नए बैट स्पॉन्सरशिप करार का संकेत भी हो सकता है.
अभी सिर्फ कयास, आधिकारिक पुष्टि नहीं
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी का मतलब स्पष्ट नहीं किया है. ऐसे में यह कहना जल्दबाजी होगी कि उनकी पोस्ट टीम इंडिया में डेब्यू का संकेत है या किसी नए व्यावसायिक करार की ओर इशारा. फिलहाल यह सिर्फ अटकलें हैं. अब सभी की निगाहें शनिवार को मैनचेस्टर में होने वाले दूसरे टी20 मुकाबले और टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन पर टिकी हैं. अगर वैभव को डेब्यू का मौका मिलता है, तो "New Chapter" का मतलब साफ हो जाएगा. वहीं अगर उन्हें इंतजार करना पड़ता है, तो इस रहस्यमयी पोस्ट की असली वजह कुछ और भी हो सकती है.

