
वायनाड सुरंग परियोजना में हादसा, तीन प्रवासी श्रमिकों की मौत
केरल के वायनाड में सुरंग निर्माण स्थल पर भूस्खलन से तीन प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई। सात घायल अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 142 लोगों को राहत शिविर में सुरक्षित पहुंचाया गया है।
केरल के वायनाड जिले में सुरंग सड़क निर्माण स्थल पर हुए भीषण भूस्खलन में जान गंवाने वाले तीन लोगों की पहचान कर ली गई है। अधिकारियों के अनुसार, मृतक तीनों प्रवासी श्रमिक थे, जो क्रमशः मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड के निवासी थे।मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के मशीन ऑपरेटर चंद्रबान, बिहार के सिविल फोरमैन विकाश कुमार तथा झारखंड के श्रमिक अनमोल के रूप में हुई है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने बताया कि भारी भूस्खलन के बाद मलबे के नीचे दबे तीनों शवों को बाहर निकाला गया। सभी शवों का पोस्टमार्टम वैथिरी तालुक अस्पताल में कराया गया। प्रक्रिया को तेज करने के लिए बाथेरी तालुक अस्पताल से एक पुलिस सर्जन को वैथिरी भेजा गया था।
राहत एवं बचाव अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग और 108 एम्बुलेंस सेवा को भी तैनात किया गया। हादसे में घायल नौ लोगों को मेप्पडी स्थित WIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से दो को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। शेष सात लोगों का इलाज जारी है।घायलों में एर्नाकुलम के एक साइट इंजीनियर भी शामिल हैं, जो अस्पताल में भर्ती लोगों में एकमात्र मलयाली हैं। अधिकारियों के अनुसार, उनकी चोटें गंभीर नहीं हैं। हालांकि, दो घायल अब भी आईसीयू में भर्ती हैं। इनमें से एक के सिर और दोनों पैरों में फ्रैक्चर है, जबकि दूसरे के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि चिकित्सा सेवाओं के समन्वय के लिए मेप्पडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है।भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के आसपास रहने वाले 42 परिवारों के कुल 142 लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर मेप्पडी पॉलिटेक्निक में बनाए गए राहत शिविर में ठहराया गया है। शिविर में डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है।
मंत्री ने कहा कि बचाव अभियान रात में अस्थायी रूप से रोक दिए जाने के बाद भी एक एम्बुलेंस और मेडिकल टीम पूरी रात घटनास्थल पर मौजूद रहेगी। स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं चौबीसों घंटे जारी रहेंगी और पूरे अभियान का समन्वय वायनाड के चिकित्सा अधिकारी करेंगे।मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक सूत्र ने बताया कि मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन बुधवार दोपहर घटनास्थल का दौरा करेंगे।
(पीटीआई इनपुट के आधार पर। शीर्षक को छोड़कर इस समाचार का संपादन नहीं किया गया है और इसे सिंडिकेटेड फीड से स्वतः प्रकाशित किया गया है।)

