
योगी आदित्यनाथ सरकार ने बदले दो नगर पंचायतों के नाम, अयोध्या में किया ऐलान
अयोध्या दौरे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने 432 करोड़ की 217 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया और दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अयोध्या दौरे के दौरान 432 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की भी घोषणा की।मुख्यमंत्री ने कहा कि भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर भरतनगर-भरतकुंड किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह फैसला भगवान श्रीराम के छोटे भाई भरत के सम्मान में लिया गया है। वहीं, खिरौनी-सोहावल नगर पंचायत का नाम बदलकर मां ज्वाला देवी नगर पंचायत रखा जाएगा।
भरत के आदर्शों का किया उल्लेख
जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब भदरसा को भरतनगर-भरतकुंड के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान राम और भरत के बीच का संबंध भाईचारे, त्याग और समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब भगवान राम 14 वर्ष के वनवास पर गए, तब भरत ने भरतकुंड के पास रहकर उनकी आज्ञा का पालन किया और उनकी चरण पादुकाओं को अयोध्या के सिंहासन पर स्थापित कर राज्य का संचालन किया।
उन्होंने कहा, "भरत जैसा भाई दुनिया में मिलना कठिन है। अयोध्या का सौभाग्य है कि इस धरती ने भगवान राम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न जैसे आदर्श दिए। देश के किसी भी कोने में जाइए, अयोध्या की पहचान आज भी लोगों के मन में जीवित है। इसी विरासत को सम्मान देने के लिए भदरसा का नाम बदलकर भरतनगर-भरतकुंड किया जा रहा है।"
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज लाखों श्रद्धालु अयोध्या आते हैं और शहर को सड़क, रेल तथा हवाई मार्ग से बेहतर तरीके से जोड़ा गया है।उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने लंबे समय तक अयोध्या की उपेक्षा की। योगी ने कहा, "जो लोग आज भक्ति की बातें करते हैं, उन्होंने ही हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़ने का आयोजन किया था।"
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर सवाल उठाते हुए कहा, "क्या कांग्रेस या समाजवादी पार्टी कभी जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित कर सकती है? अगर नहीं, तो फिर हनुमानगढ़ी में ऐसा आयोजन क्यों किया गया?"मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अयोध्या को नई पहचान देने के साथ-साथ विकास और धार्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप में स्थापित करने का काम किया है।

