
भूकंप से कांपा फिलीपींस, जापान-इंडोनेशिया तक सुनामी की चेतावनी
फिलीपींस में 8.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप से धरती डोल गई। इसके बाद जापान, इंडोनेशिया समेत कई देशों के तटीय क्षेत्रों में सुनामी अलर्ट जारी किया गया।
एशिया में लगातार भूकंपीय गतिविधियों के बीच सोमवार सुबह दक्षिण-पूर्व एशियाई देश फिलीपींस में शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 8.2 दर्ज की गई, जिसके बाद फिलीपींस सहित कई एशियाई देशों के तटीय क्षेत्रों में सुनामी का हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।इससे पहले रविवार देर रात भूटान और भारत के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। अब फिलीपींस में आए इस बड़े भूकंप ने पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है।
मिंडानाओ द्वीप के पास था भूकंप का केंद्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र फिलीपींस के मिंडानाओ द्वीप के निकट स्थित था। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) और जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:40 बजे आया।भूकंप के झटके केवल फिलीपींस तक सीमित नहीं रहे, बल्कि पड़ोसी देश इंडोनेशिया के नॉर्थ सुलावेसी और नॉर्थ मालुकु प्रांतों में भी महसूस किए गए।
कई देशों में सुनामी की चेतावनी
शक्तिशाली भूकंप के तुरंत बाद फिलीपींस, इंडोनेशिया और जापान समेत कई देशों के तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई। फिलीपींस की भूकंप विज्ञान एजेंसी ने दक्षिणी प्रांतों के समुद्री तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि फिलीपींस के कुछ तटीय क्षेत्रों में सुनामी की लहरें तीन मीटर तक ऊंची हो सकती हैं। इसके अलावा इंडोनेशिया, मलेशिया, ताइवान, गुआम, पापुआ न्यू गिनी और पश्चिमी प्रशांत महासागर के कई द्वीपीय देशों और क्षेत्रों तक भी सुनामी की लहरें पहुंचने की आशंका जताई गई है।
इमारतों में दरारें, लोग हुए बेहोश
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भूकंप के कारण कई इलाकों में लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलीपींस के अलाबेल क्षेत्र के पुलिस प्रमुख बेंजी एंचेटा ने बताया कि भूकंप के बाद कुछ इमारतों में दरारें दिखाई दी हैं।हालांकि अब तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है, लेकिन तेज झटकों के कारण कई लोग घबराहट में बेहोश हो गए। एंचेटा ने कहा, “हमने अब तक का सबसे शक्तिशाली भूकंप महसूस किया है।”
'रिंग ऑफ फायर' में स्थित है फिलीपींस
फिलीपींस दुनिया के उन देशों में शामिल है जो प्राकृतिक आपदाओं से सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। इसकी प्रमुख वजह यह है कि यह देश प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है।'रिंग ऑफ फायर' पृथ्वी का वह भूगर्भीय क्षेत्र है जहां टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधियां अत्यधिक सक्रिय रहती हैं। यही कारण है कि यहां अक्सर भूकंप आते हैं और कई ज्वालामुखी भी सक्रिय रहते हैं। इसके अलावा फिलीपींस हर साल औसतन 20 से अधिक तूफानों और चक्रवातों का सामना करता है।
भूकंप और संभावित सुनामी के खतरे को देखते हुए फिलीपींस सहित कई देशों की आपदा प्रबंधन एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ घंटों तक स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखना बेहद जरूरी होगा।

