‘भारत को नर्क’ बयान पर घिरे ट्रंप, ईरान ने दिखाई भारत की असली खूबसूरती
x

‘भारत को नर्क’ बयान पर घिरे ट्रंप, ईरान ने दिखाई भारत की असली खूबसूरती

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत को ‘नर्क’ कहने पर विवाद बढ़ गया है। जहां एक तरफ ईरान ने तंज कसा और वहीं डेमोक्रेट्स ने भी आलोचना की है।


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत को ‘नर्क’ कहे जाने वाले बयान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद तेज हो गया है। मुंबई स्थित ईरानी कॉन्सुलेट ने इस टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप पर तंज कसा और भारत की वास्तविक सुंदरता देखने की सलाह दी। वहीं, अमेरिका की डेमोक्रेटिक पार्टी ने भी इस बयान को लेकर ट्रंप की आलोचना की है।

ईरानी कॉन्सुलेट का तंज और ‘कल्चरल डिटॉक्स’ की सलाह

मुंबई स्थित ईरानी कॉन्सुलेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 16 सेकंड का एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में महाराष्ट्र के दो अलग-अलग रूप दिखाए गए—एक ओर मुंबई की चमकती गगनचुंबी इमारतें, आधुनिक हाईवे और शहरी जीवन की रफ्तार, तो दूसरी ओर पहाड़ों के बीच बहते झरने, झीलें और हरियाली से भरपूर प्राकृतिक दृश्य।

वीडियो के साथ कॉन्सुलेट ने ट्रंप को ‘कल्चरल डिटॉक्स’ यानी अपनी सोच बदलने की सलाह देते हुए लिखा, “कभी इंडिया आकर देखो, फिर बोलना।” इस पोस्ट के जरिए भारत की विविधता और सुंदरता को उजागर करने की कोशिश की गई।


डेमोक्रेटिक पार्टी की कड़ी प्रतिक्रिया

ट्रंप के बयान पर अमेरिकी डेमोक्रेटिक पार्टी भी भड़क उठी है। पार्टी के प्रतिनिधियों ने ट्रंप पर ‘नस्लवादी कचरा’ फैलाने का आरोप लगाया। एक प्रतिनिधि ने सोशल मीडिया पर लिखा कि देश गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है, लेकिन ट्रंप सोशल मीडिया पर भड़काऊ और नस्लवादी टिप्पणियां करने में लगे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप राष्ट्रपति पद को एक रियलिटी शो की तरह चला रहे हैं, जबकि देश को इस समय मजबूत और जिम्मेदार नेतृत्व की जरूरत है।


ट्रंप का बयान क्या था?

दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें अप्रवासन (इमिग्रेशन) का जिक्र करते हुए कहा गया था कि अमेरिका में जन्म लेने वाला बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है और फिर वह चीन, भारत या “धरती के किसी नर्क” से अपने परिवार को वहां बुला लेता है। इसी टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हुआ है।

बढ़ता अंतरराष्ट्रीय तनाव

इस पूरे विवाद के बीच मध्य-पूर्व में तनाव लगातार बढ़ रहा है। ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी टकराव थमने के संकेत नहीं दे रहा है। हालात को देखते हुए भारत ने अपने नागरिकों को ईरान छोड़ने की सलाह दी है, जो क्षेत्र में संभावित बड़े संघर्ष की आशंका को दर्शाता है।

Read More
Next Story