
डोनाल्ड ट्रंप की दो टूक, होर्मुज पर किसी का कंट्रोल बर्दाश्त नहीं
डोनाल्ड ट्रंप ने ओमान को चेतावनी देते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर किसी देश का नियंत्रण स्वीकार नहीं होगा।
ईरान के साथ तनाव कम करने को लेकर जारी मुश्किल बातचीत के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओमान को लेकर तीखी चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि अगर ओमान, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान का साथ देता है, तो अमेरिका सख्त कार्रवाई करेगा।
व्हाइट हाउस में कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप ने साफ कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र है और इसे सभी देशों के लिए खुला रहना चाहिए। उन्होंने कहा, “कोई भी देश इस पर नियंत्रण नहीं करेगा। ओमान को भी बाकी देशों की तरह ही व्यवहार करना होगा, वरना हम उन्हें उड़ा देंगे।”
ट्रंप ने उन रिपोर्ट्स को भी खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि ईरान और ओमान मिलकर जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही को नियंत्रित करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका किसी भी ऐसे समझौते को स्वीकार नहीं करेगा, जिससे किसी एक देश को इस रणनीतिक मार्ग पर नियंत्रण मिले।ट्रंप के इस बयान ने कई लोगों को चौंका दिया है, क्योंकि ओमान लंबे समय से अमेरिका का करीबी सहयोगी माना जाता रहा है। ओमान ने अमेरिका और ईरान के बीच कई बार मध्यस्थ की भूमिका भी निभाई है।
समाचार एजेंसी ने व्हाइट हाउस से पूछा कि क्या ट्रंप से बोलने में गलती हुई और उनका इशारा ओमान की जगह ईरान की तरफ था। हालांकि, व्हाइट हाउस ने इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। बाद में अमेरिकी विदेश विभाग ने ट्रंप के बयान का वीडियो और ट्रांसक्रिप्ट जारी किया, जिसमें किसी तरह का सुधार या स्पष्टीकरण नहीं था। दरअसल, ईरान और अमेरिका के बीच जारी बातचीत में होर्मुज जलडमरूमध्य अहम मुद्दा बना हुआ है। ईरान ने संकेत दिए हैं कि वह इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूलने और उससे होने वाली आय को ओमान के साथ साझा करने की योजना पर विचार कर रहा है।
इससे पहले ईरान के सरकारी टीवी ने दावा किया था कि एक ड्राफ्ट तैयार हो चुका है, जिसके तहत एक महीने के भीतर होर्मुज के जरिए होने वाली वाणिज्यिक शिपिंग को युद्ध से पहले के स्तर पर बहाल किया जाएगा। रिपोर्ट में कहा गया था कि ईरान और ओमान मिलकर शिपिंग ट्रैफिक की निगरानी करेंगे। हालांकि, व्हाइट हाउस ने इस दावे को पूरी तरह मनगढ़ंत बताते हुए खारिज कर दिया।
ट्रंप ने दोहराया कि होर्मुज जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत ही संचालित होगा और किसी देश को इसे नियंत्रित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

